1203.40 लाख की लागत से सहसपुर में सड़क चौड़ीकरण द्वितीय चरण का शिलान्यास

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 12 फरवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री घोषणा के अंतर्गत सहसपुर विधानसभा क्षेत्र में मीठीबेरी से परवल होते हुए चांदनी चौक तक तथा परवल से विज्ञान धाम झाझरा तक ₹1203.40 लाख की लागत से होने वाले सड़क चौड़ीकरण कार्य के द्वितीय चरण (किमी 1 से 10) का शिलान्यास किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मजबूत सड़क अवसंरचना प्रदेश के समग्र विकास की आधारशिला है। बेहतर कनेक्टिविटी से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को गति मिलेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था सशक्त होगी।
सहसपुर क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं
मुख्यमंत्री ने क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान के लिए कई घोषणाएं कीं। इनमें भाऊवाला में पेयजल आपूर्ति हेतु नलकूप निर्माण, दरू चौक से केशववाला नदी तक जलभराव से राहत के लिए नाला निर्माण, आर्केडिया बड़ोवाला पार्क के पास मोक्षधाम निर्माण, आसनपुर से श्मशान घाट तक पुस्ता एवं मार्ग निर्माण शामिल हैं।
इसके अलावा ठाकुरपुर के उमेदपुर व परवल में आसन नदी से कृषि भूमि की सुरक्षा हेतु पुस्ता, वार्ड संख्या 93 बड़ोवाला आवासीय क्षेत्र की सुरक्षा के लिए पुस्ता तथा पौंधा में श्मशान घाट सड़क निर्माण व भूमि कटाव रोकने के कार्य भी स्वीकृत किए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनभावनाओं के अनुरूप आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है।
समावेशी विकास और मातृशक्ति पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि विभिन्न राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय आकलनों में उत्तराखंड समावेशी विकास के मामले में अग्रणी बनकर उभर रहा है। मातृशक्ति को पहाड़ की अर्थव्यवस्था का केंद्र बताते हुए उन्होंने कहा कि ‘लखपति दीदी’ योजना के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं ऐसे उत्पाद तैयार कर रही हैं जो बड़ी कंपनियों को भी प्रतिस्पर्धा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है। उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, बजट आकार एक लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है, विद्युत उत्पादन चार गुना बढ़ा है तथा रिवर्स माइग्रेशन में भी वृद्धि दर्ज की गई है।
जीरो टॉलरेंस की नीति जारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि की अस्मिता, संस्कृति और जनसांख्यिकीय संतुलन से कोई समझौता नहीं होगा। समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून तथा अवैध अतिक्रमण और भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में रोजगार सृजन पर विशेष ध्यान देते हुए इस वित्तीय वर्ष में 10 से 12 हजार नियुक्तियों की तैयारी की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय विधायक सहदेव सिंह पुंडीर की क्षेत्रीय समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता की सराहना की।
इस अवसर पर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। युवा, महिला और किसानों के हित में अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं और राज्य की मौलिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए ठोस कदम उठाए गए हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें