मुख्यमंत्री से सीबीएफसी अध्यक्ष प्रसून जोशी की शिष्टाचार भेंट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून 09 फरवरी ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से आज मुख्यमंत्री आवास में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष, प्रख्यात लेखक, कवि एवं गीतकार प्रसून जोशी ने शिष्टाचार भेंट की।
मुख्यमंत्री ने प्रसून जोशी के साहित्य एवं सिनेमा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की। इस दौरान कला, संस्कृति, साहित्य एवं सिनेमा से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
भेंटवार्ता में उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और लोक संगीत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ राज्य में फिल्म निर्माण की व्यापक संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म निर्माण और शूटिंग के अनुकूल केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। इसके लिए आवश्यक नीतिगत सहयोग तथा बुनियादी सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष के रूप में प्रसून जोशी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए भविष्य में उत्तराखंड में सिनेमा, साहित्य और सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार में उनके सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की ।

Leave a Comment

और पढ़ें