होंडा ने डियो 125 X-एडिशन और शाइन 125 लिमिटेड एडिशन किए लॉन्च, कीमतों की घोषणा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 06 फरवरी 2026। होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया (HMSI) ने भारतीय टू-व्हीलर बाजार में दो नए स्पेशल एडिशन मॉडल—डियो 125 X-एडिशन और शाइन 125 लिमिटेड एडिशन—लॉन्च किए हैं। दिल्ली एक्स-शोरूम के अनुसार डियो 125 X-एडिशन की कीमत ₹87,733 जबकि शाइन 125 लिमिटेड एडिशन की कीमत ₹86,211 तय की गई है।
कंपनी के अनुसार, ये दोनों नए एडिशन आज के बदलते राइडर्स की पसंद को ध्यान में रखकर डिजाइन किए गए हैं। नए ग्राफिक्स, प्रीमियम डिजाइन एलिमेंट्स और रिफ्रेश्ड आइडेंटिटी के साथ पेश किए गए ये मॉडल तेजी से बढ़ते भारतीय टू-व्हीलर मार्केट में ग्राहकों को आकर्षित करने के उद्देश्य से तैयार किए गए हैं।
लॉन्च के अवसर पर होंडा मोटरसाइकिल एंड स्कूटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर, प्रेसिडेंट और सीईओ त्सुत्सुमु ओतानी ने कहा कि कंपनी लगातार ऐसे प्रोडक्ट्स विकसित कर रही है जो न्यू-एज राइडर्स की आकांक्षाओं से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि डियो 125 X-एडिशन और शाइन 125 लिमिटेड एडिशन स्टाइल और एक्सप्रेशन के साथ-साथ होंडा की विश्वसनीय क्वालिटी का भी प्रतीक हैं।
वहीं, डायरेक्टर सेल्स एंड मार्केटिंग योगेश माथुर ने बताया कि डियो 125 X-एडिशन को जेन Z राइडर्स की बोल्ड और यूथफुल एनर्जी को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, जबकि शाइन 125 लिमिटेड एडिशन एक क्लीन और टाइमलेस डिजाइन अप्रोच के साथ पेश किया गया है, जो रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भरोसेमंद और आरामदायक अनुभव देता है।
डियो 125 X-एडिशन में एक्सक्लूसिव X-एडिशन ग्राफिक्स, ड्यूल-टोन कलर स्कीम (पर्ल डीप ग्राउंड ग्रे और पर्ल सायरन ब्लू) और मैट फ्रैश कलर अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जो इसे स्पोर्टी और यूथफुल लुक प्रदान करते हैं।
वहीं, शाइन 125 लिमिटेड एडिशन को मिनिमलिस्ट और प्रीमियम थीम में पेश किया गया है। यह पर्ल सायरन ब्लू कलर में उपलब्ध है और पाइराइट ब्राउन फिनिश अलॉय व्हील्स के साथ आता है, जो इसकी सादगी और क्लासिक अपील को और निखारते हैं।
कंपनी ने बताया कि दोनों नए मॉडलों की बुकिंग शुरू हो चुकी है। ग्राहक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या नजदीकी अधिकृत डीलरशिप के माध्यम से बुकिंग कर सकते हैं। ये वाहन फरवरी के दूसरे सप्ताह से देशभर की HMSI डीलरशिप्स पर उपलब्ध होंगे।

Leave a Comment

और पढ़ें