
देहरादून। कालसी क्षेत्र अंतर्गत क्वानू–मीनस मोटर मार्ग पर हुई हिमाचल परिवहन निगम की बस दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जानने के लिए मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुँचे। मुख्यमंत्री ने अस्पताल में भर्ती हिमाचल प्रदेश एवं उत्तराखंड के घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और चिकित्सकों से उपचार की विस्तृत रिपोर्ट प्राप्त की।
मुख्यमंत्री ने दुर्घटना में दिवंगत हुए लोगों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति की प्रार्थना की। उन्होंने चिकित्सकीय टीम को निर्देश दिए कि सभी घायलों को सर्वोत्तम, त्वरित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
मुख्यमंत्री ने घायलों के परिजनों से भी बातचीत कर उन्हें भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं आने देगी और सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने विकासनगर के उप जिला चिकित्साधिकारी से दूरभाष पर संपर्क कर विकासनगर में उपचाराधीन दुर्घटना के घायलों को भी समुचित एवं संवेदनशील चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश सरकार को भी आश्वस्त किया कि उत्तराखंड में उपचाराधीन हिमाचल प्रदेश के सभी घायल यात्रियों का समुचित एवं निःशुल्क उपचार राज्य सरकार द्वारा सुनिश्चित किया जा रहा है।








