हरिद्वार  में रिश्वत लेते जिला पूर्ति अधिकारी व सहायक गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून/हरिद्वार 17 जनवरी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्पष्ट निर्देशों और जीरो टॉलरेंस ऑन करप्शन की नीति के तहत प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त और निर्णायक कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में विजिलेंस विभाग ने हरिद्वार जनपद में बड़ी कार्रवाई करते हुए जिला पूर्ति अधिकारी श्याम आर्य और उनके सहायक को ₹50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देहरादून से आई विजिलेंस टीम को लंबे समय से जिला पूर्ति कार्यालय हरिद्वार से जुड़े इन अधिकारियों की रिश्वतखोरी की शिकायतें मिल रही थीं। सूचनाओं के सत्यापन और ठोस रणनीति के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर यह कार्रवाई की। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से जिला पूर्ति कार्यालय परिसर में ही गहन पूछताछ की जा रही है। साथ ही कार्यालय से जुड़े अभिलेखों और अन्य दस्तावेजों की भी बारीकी से जांच की जा रही है, ताकि भ्रष्टाचार से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा हो सके।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्पष्ट किया है कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार के प्रति किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं करेगी। उन्होंने दोहराया कि सरकारी सेवा जनता की सेवा है और यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी अपने पद का दुरुपयोग करता है तो उसके खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विजिलेंस, एसटीएफ और अन्य जांच एजेंसियों को पूर्ण स्वतंत्रता के साथ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बीते वर्षों में प्रदेश में भ्रष्टाचार के विरुद्ध लगातार आक्रामक अभियान चलाया गया है। रिश्वत लेते अधिकारियों की गिरफ्तारी, अवैध संपत्ति पर कार्रवाई और भ्रष्टाचार में संलिप्त कर्मचारियों के खिलाफ विभागीय दंड के माध्यम से सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि उत्तराखंड में भ्रष्टाचार के लिए कोई स्थान नहीं है। इन कार्रवाइयों से आमजन का शासन-प्रशासन पर विश्वास और मजबूत हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पारदर्शी, जवाबदेह और जनहितकारी प्रशासन उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी भ्रष्टाचार की शिकायत हो तो बिना भय संबंधित माध्यमों से सूचना दें। सरकार शिकायतकर्ता की पहचान गोपनीय रखते हुए त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।
हरिद्वार में हुई यह कार्रवाई उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त और सुशासन युक्त राज्य बनाने की दिशा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण मानी जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें