टनकपुर।
टनकपुर पावर स्टेशन ने ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि दर्ज करते हुए वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए निर्धारित डिज़ाइन एनर्जी उत्पादन लक्ष्य 452.19 मिलियन यूनिट को 15 जनवरी 2026 को ही प्राप्त कर लिया है। उल्लेखनीय है कि यह लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में करीब ढाई माह पहले हासिल किया गया है।
ऊर्जा उत्पादन में यह शानदार सफलता पावर स्टेशन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कड़ी मेहनत, लगन और मजबूत टीम भावना का प्रतिफल है। समयबद्ध योजना, तकनीकी दक्षता और निरंतर निगरानी के चलते टनकपुर पावर स्टेशन ने यह कीर्तिमान स्थापित किया है।
इस अवसर पर पावर स्टेशन के स्टेशन प्रमुख ने समस्त टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी इसी मेहनत, समर्पण और सकारात्मक ऊर्जा के साथ विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल की जाएंगी।
टनकपुर पावर स्टेशन की यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए गर्व का विषय है, बल्कि क्षेत्र में ऊर्जा उत्पादन की विश्वसनीयता को भी और सुदृढ़ करती है।







