उत्तराखण्ड फिल्म एंड म्यूजिक एसोसियेशन ने राज्य की फिल्म नीति की सराहना की

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 13 जनवरी ।राज्य में फिल्मों की शूटिंग और क्षेत्रीय सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की उत्तराखण्ड फिल्म एंड म्यूजिक एसोसियेशन ने सराहना की है। एसोसियेशन ने कहा कि प्रभावी और आकर्षक फिल्म नीति के कारण स्थानीय और क्षेत्रीय फिल्म निर्माताओं को व्यापक लाभ मिल रहा है, जिससे प्रदेश में फिल्म निर्माण गतिविधियों को नई गति मिली है।
मंगलवार को उत्तराखण्ड फिल्म एंड म्यूजिक एसोसियेशन के प्रतिनिधिमंडल ने रिंग रोड स्थित सूचना भवन में महानिदेशक सूचना एवं उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी से भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहन देने तथा फिल्मों को अनुदान प्रदान किए जाने पर आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर बंशीधर तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में राज्य में आकर्षक फिल्म नीति–2024 लागू की गई है, जिसमें स्थानीय फिल्म निर्माता, निर्देशक, कलाकार और तकनीशियनों के हितों का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय फिल्मों को राज्य में किए गए व्यय का अधिकतम 50 प्रतिशत अथवा अधिकतम दो करोड़ रुपये तक अनुदान देने का प्रावधान किया गया है। साथ ही ओटीटी प्लेटफॉर्म, वेब सीरीज़, टीवी सीरियल, डॉक्यूमेंट्री और लघु फिल्मों को भी अनुदान की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में राष्ट्रीय स्तर के फिल्म महोत्सव और फिल्म पुरस्कार समारोह के आयोजन की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिसके लिए भारत सरकार के उपक्रम एनएफडीसी से पत्राचार किया जा रहा है। इसके अलावा उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद की वेबसाइट को अंतिम रूप दिया जा रहा है, जिसमें स्थानीय फिल्म निर्माताओं, निर्देशकों, कलाकारों, तकनीशियनों और लाइन प्रोड्यूसर्स का विस्तृत डाटा उपलब्ध कराया जाएगा।
एसोसियेशन के संरक्षक अनुज जोशी ने परिषद द्वारा क्षेत्रीय सिनेमा के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जुलाई 2025 में गठित समिति की बैठक में स्थानीय फिल्मों को अनुदान दिए जाने से फिल्म निर्माताओं और निर्देशकों में उत्साह बढ़ा है। उन्होंने राज्य में फिल्म पुरस्कार समारोह आयोजित किए जाने का भी अनुरोध किया, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को और अधिक प्रोत्साहन मिल सके।
इस अवसर पर उत्तराखण्ड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी एवं संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. नितिन उपाध्याय, एसोसियेशन के उपाध्यक्ष बृजेश भट्ट, महासचिव गंभीर जयाड़ा तथा सदस्य जितेन्द्र पंवार, हरीश नेगी, विजय शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें