पीपलकोटी/चमोली 26 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सेमलडाला, पीपलकोटी में आयोजित 24वें बंड विकास औद्योगिक, पर्यटन, किसान एवं सांस्कृतिक मेले में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि ऐसे मेले स्थानीय उत्पादों को मंच प्रदान करने के साथ ही लोक संस्कृति की जीवंत पहचान को सशक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थानीय उत्पादों, पर्यटन और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब राज्य सरकार द्वारा दिए जाने वाले सभी स्मृति-चिन्ह एवं भेंट स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक न्याय पंचायत स्तर पर समस्याओं के समाधान के लिए आम जनता से सक्रिय सहभागिता की अपील की। साथ ही प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन फेस्टिवल’, ‘वोकल फॉर लोकल’ और ‘मेड इन इंडिया’ अभियानों को आगे बढ़ाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास और रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। केदारनाथ और बद्रीविशाल धाम में मास्टर प्लान के तहत कार्य किए जा रहे हैं, जबकि रोपवे और रेल परियोजनाओं से पर्यटन एवं अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। उन्होंने बताया कि ‘एक जनपद-दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालय’ ब्रांड, ‘स्टेट मिलेट मिशन’ और ‘होमस्टे योजना’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों और पर्यटन को बढ़ावा दिया जा रहा है। वर्तमान में राज्य में 800 से अधिक होमस्टे संचालित हैं और उत्तराखंड तेजी से वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचा रही है तथा देवभूमि की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 10 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है और राज्य में सख्त भू-कानून लागू किया गया है। उत्तराखंड को ज्ञान, शिक्षा, संस्कृति और विकास का केंद्र बनाने की दिशा में सरकार लगातार आगे बढ़ रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सेमलडाला खेल मैदान के विस्तारीकरण, नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग में पेयजल सहित आधारभूत सुविधाओं के विकास, ग्वालदम से तपोवन लॉर्ड कर्जन मार्ग का नाम बदलकर ‘नंदा–सुनंदा मार्ग’ रखने, राजराजेश्वरी मंदिर कुरुड़ के सौंदर्यीकरण तथा अनसूया देवी मंदिर मंडल में यात्री विश्राम गृह के निर्माण की घोषणाएं कीं।
कार्यक्रम में थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, जिला पंचायत अध्यक्ष दौलत सिंह बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल बर्तवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष लक्ष्मण खत्री, बीकेटीसी उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र भंडारी, जिलाधिकारी चमोली गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित थे।





