देहरादून में 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशन कॉन्फ्रेंस–2025 का शुभारंभ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया उद्घाटन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 13 दिसंबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को सहस्त्रधारा रोड स्थित होटल एमरॉल्ड ग्रैण्ड में आयोजित 47वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशन कॉन्फ्रेंस–2025 में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलन कर तीन दिवसीय सम्मेलन का शुभारंभ किया तथा कॉन्फ्रेंस स्थल पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी और स्थानीय हस्तशिल्प उत्पादों के स्टॉल का अवलोकन कर उत्तराखंड की कला एवं शिल्प परंपरा को प्रोत्साहित किया।

13 से 15 दिसंबर तक आयोजित इस राष्ट्रीय सम्मेलन की मेज़बानी देहरादून कर रहा है। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) द्वारा आयोजित यह सम्मेलन “विकसित भारत @2047: विकास भी, विरासत भी” थीम पर केंद्रित है, जिसमें देशभर के जनसंपर्क एवं कम्युनिकेशन प्रोफेशनल्स भाग ले रहे हैं। सम्मेलन में रूस से आए प्रतिनिधियों की सहभागिता ने इसे अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया है।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि “पीआर विजन–2047” विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आज के डिजिटल युग में जनसंपर्क केवल सूचना संप्रेषण तक सीमित नहीं, बल्कि सरकार और जनता के बीच भरोसेमंद, समयबद्ध और पारदर्शी संवाद का सशक्त माध्यम है। उत्तराखंड जैसे आपदा-संवेदनशील राज्य में संवाद औपचारिकता नहीं, बल्कि विश्वास की बुनियाद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा प्रबंधन, सुशासन, पर्यटन और धार्मिक आयोजनों के सफल संचालन के लिए एक मजबूत, तकनीकी रूप से सक्षम और संवेदनशील पीआर सिस्टम आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि जनसंपर्क संकट के समय कमांड सेंटर की भूमिका निभाने के साथ-साथ देश के लिए सकारात्मक नैरेटिव गढ़ने में भी अहम योगदान देगा।

राज्य की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तेज़ विकास पथ पर अग्रसर है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024–25 में राज्य की अर्थव्यवस्था लगभग 3.78 लाख करोड़ रुपये तक पहुँचने जा रही है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में उल्लेखनीय वृद्धि और बेरोजगारी दर में ऐतिहासिक कमी दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल, रेल और हवाई कनेक्टिविटी सहित अवसंरचना विकास तथा धार्मिक व पर्यटन क्षेत्र में हो रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने ऋषिकेश–कर्णप्रयाग रेल परियोजना, दिल्ली–देहरादून एक्सप्रेस-वे, रोपवे परियोजनाओं और शीतकालीन यात्रा जैसी पहलों को राज्य के विकास को नई गति देने वाला बताया।

निवेश और उद्योग पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट, सिंगल विंडो सिस्टम, नई औद्योगिक व स्टार्टअप नीतियों के कारण उत्तराखंड निवेश का उभरता केंद्र बन रहा है। “एक जनपद–दो उत्पाद”, हाउस ऑफ हिमालयाज, मिलेट मिशन और नई पर्यटन व फिल्म नीति से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिली है।

इस अवसर पर अपर सचिव एवं सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी को पीआरएसआई द्वारा सुशासन में उत्कृष्टता के लिए राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, परमार्थ निकेतन से स्वामी चिदानंद मुनि, पीआरएसआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजीत पाठक, देहरादून चैप्टर अध्यक्ष रवि बिजारनिया, रूसी प्रतिनिधि माइकल मस्लोव, दाव्यदेंको यूलिया और अन्ना तलानीना सहित देश-विदेश से आए जनसंपर्क एवं कम्युनिकेशन प्रोफेशनल्स उपस्थित रहे ।

Leave a Comment

और पढ़ें