नैनीताल 13 दिसंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लेटीबुंगा मैदान, ग्राम पंचायत शशबनी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में 112 करोड़ 34 लाख रुपये लागत की 17 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। कार्यक्रम स्थल पर महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टालों का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने स्थानीय उत्पादों की भूरि–भूरि प्रशंसा की।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भीमताल और ओखलकांडा क्षेत्र की आधारभूत संरचना को गति देने वाले कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की। उन्होंने भीड़ापानी, नाई, डालकन्या, देवनगर, सिलौटी व सुन्दरखाल गांवों में मिनी स्टेडियम निर्माण, नौकुचियाताल–खड़की खरौला मार्ग का मिलान, कसियालेख–काफली–पदीकनाला रोड व करायल बैण्ड–टकुरा वन चौकी रोड के डामरीकरण सहित अनेक सड़क सुधार कार्यों की स्वीकृति दी। साथ ही भीमताल बाईपास नहर कवरिंग के शेष कार्य को पूर्ण कराने, नई पार्किंग और नया रोडवेज बस स्टेशन निर्माण तथा भीमताल नगर में अग्निशमन केंद्र खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भीमताल विधानसभा सहित पूरे नैनीताल जिले के समग्र विकास के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। क्षेत्रीय विधायक द्वारा उठाए गए मुख्य मार्ग–10 की खराब स्थिति पर तत्काल संज्ञान लेते हुए लगभग 9.5 करोड़ रुपये सड़क पुनर्निर्माण हेतु स्वीकृत किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड आज विकास के नए मानक स्थापित कर रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल सहित सभी क्षेत्रों में तेजी से इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार हो रहा है। कैंची धाम, नैनादेवी मंदिर, मुक्तेश्वर धाम समेत सभी पौराणिक मंदिरों के पुनर्विकास कार्य मिशन मोड में जारी हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पलायन रोकने के लिए ‘एक जनपद–दो उत्पाद’, ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’, ‘स्टेट मिलेट मिशन’, ‘होमस्टे’ एवं ‘वेड इन उत्तराखंड’ जैसी योजनाएँ स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं। पलायन आयोग की नई रिपोर्ट में रिवर्स पलायन में 44% की वृद्धि, बेरोजगारी दर में 4.4% की कमी तथा नीति आयोग के SDG इंडेक्स में उत्तराखंड के प्रथम स्थान पर आने को बड़ी उपलब्धि बताया।
उन्होंने कहा कि राज्य में नकल माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के लिए देश का सबसे कठोर नकल विरोधी कानून लागू किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां मिली हैं और 100 से अधिक नकल माफिया जेल भेजे गए हैं। भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति के तहत विजिलेंस ने 200 से अधिक सरकारी कार्मिकों पर कार्रवाई की है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने भवाली बाईपास पार्ट–1 और 2 सुधार कार्य, भीमताल बाईपास सड़क सुधार, नैनीताल में 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट, हल्दूचौड़ एलबीएस कॉलेज में पुस्तकालय व बहुउद्देश्यीय हॉल, पुछड़ी में गौशाला निर्माण, जाडापानी विद्यालय में पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब और विज्ञान प्रयोगशाला सहित कई योजनाओं का लोकार्पण किया। साथ ही लालकुआं महाविद्यालय में परीक्षा भवन, गौलापार स्टेडियम में पूल कवरिंग तथा ओखलकांडा में सभागार निर्माण का शिलान्यास किया।
कार्यक्रम में विधायक भीमताल राम सिंह कैड़ा ने क्षेत्र के विकास हेतु स्वीकृत योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, ब्लॉक प्रमुख धारी भावना आर्या, ओखलकांडा प्रमुख के.डी. रूबाली, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसपी यातायात जगदीश चंद्र सहित अनेक जनप्रतिनिधि व बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।





