देहरादून, 9 दिसंबर।
प्रदेश में राशन कार्ड बनवाने की प्रक्रिया अगले वर्ष से पूरी तरह ऑनलाइन होने जा रही है। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आवेदन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और किसी भी तरह की विसंगति को खत्म करने के लिए इसे डिजिटल किया जा रहा है।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि राशन विक्रेताओं के भुगतान और बिलिंग की प्रक्रिया भी ऑनलाइन की जाएगी, जिससे कार्यप्रणाली और अधिक सुगम व पारदर्शी होगी। समीक्षा के दौरान यह पाया गया कि मई महीने तक का लाभांश सभी जनपदों में राशन विक्रेताओं को भेजा जा चुका है। बाकी तीन महीने का लाभांश भी अगले 2 से 3 दिनों में जारी कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष अब तक केंद्र सरकार द्वारा दिए गए लक्ष्य के मुकाबले 98 प्रतिशत धान की खरीद हो चुकी है। शेष किसानों की उपज एमएसपी पर खरीदी जा सके, इसके लिए केंद्र सरकार से लक्ष्य बढ़ाने का अनुरोध किया गया है।
नए राशन कार्ड जारी करने की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए रेखा आर्या ने कहा कि केवल आवेदन की पुरानी तिथि के आधार पर निर्णय न लिया जाए। सबसे अधिक जरूरतमंद व्यक्तियों — दिव्यांग, तलाकशुदा, परित्यक्त, अनाथ तथा मानसिक रूप से कमजोर लोगों को प्राथमिकता देते हुए संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेने की आवश्यकता है।
बैठक में खाद्य सचिव एल. फैनई, खाद्य आयुक्त रणवीर चौहान, अपर आयुक्त पी.एस. पांगती, राशन डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रेवाधार बृजवासी सहित विभागीय अधिकारी और राशन विक्रेताओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।







