
देहरादून 9 दिसंबर।
नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों के शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान महिला पुलिसकर्मियों द्वारा अभद्र व्यवहार और थप्पड़ मारने की घटना को लेकर आज उत्तराखंड महिला कांग्रेस ने प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में पुलिस मुख्यालय का घेराव किया। बड़ी संख्या में नर्सिंग बेरोज़गार युवतियाँ भी इस विरोध में शामिल हुईं।
पुलिस मुख्यालय पहुँचने से पहले ही बैरिकेडिंग कर महिला कांग्रेस की नेत्रियों को रोक दिया गया, जिसके बाद उन्होंने बैरिकेडिंग पर चढ़कर सरकार का पुतला दहन किया। बाद में पुलिस ने महिला कांग्रेस की नेत्रियों और नर्सिंग बेरोज़गार युवतियों को गाड़ियों में भरकर एकता विहार छोड़ दिया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा—
“रोज़गार की मांग करने वाली बेटियों के साथ इस तरह का अपमानजनक और दमनकारी व्यवहार धामी सरकार की असंवेदनशीलता को उजागर करता है। सरकार युवाओं की आवाज़ सुनने के बजाय उन पर शक्ति का इस्तेमाल कर रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों का उल्लंघन है।”
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस मुख्यालय के बाहर जोरदार नारेबाज़ी कर विरोध दर्ज कराया। रौतेला ने कहा कि नर्सिंग की बेटियाँ अपने अधिकार और रोजगार की मांग कर रही थीं, लेकिन सरकार ने संवाद के बजाय थप्पड़ों और धक्कों से जवाब दिया। यह घटना न केवल लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन है, बल्कि महिलाओं के प्रति सरकार की कठोर मानसिकता को दर्शाती है।
महिला कांग्रेस की प्रमुख मांगें:
दोषी महिला पुलिसकर्मियों पर तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए।
घटना की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराई जाए।
नर्सिंग के लंबित रिक्त पदों पर पारदर्शी और शीघ्र भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाए।
महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तत्कालीक कार्रवाई नहीं की, तो आंदोलन को और व्यापक स्तर पर तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह हर उस बेटी के साथ मजबूती से खड़ी है, जिसे अन्याय का सामना करना पड़ा है।
विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से प्रदेश कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष आशा मनोरमा डोबरियाल, महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष उर्मिला थापा, प्रदेश महासचिव निधि नेगी, सुशीला शर्मा, पुष्पा पवार, अनुराधा तिवारी, ब्लॉक अध्यक्ष अनीता सकलानी, सचिव रेखा ढींगरा, तथा सेवादल से सावित्री थापा और मंजू सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहीं।







