142 नवनियुक्त असिस्टेंट प्रोफेसर्स को मुख्यमंत्री ने दिए नियुक्ति पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 9 दिसंबर।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मुख्य सेवक सदन, मुख्यमंत्री आवास देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेते हुए चिकित्सा सेवा चयन बोर्ड के माध्यम से चयनित 142 असिस्टेंट प्रोफेसर्स को नियुक्ति पत्र वितरित किए। मुख्यमंत्री ने सभी नव नियुक्त प्रोफेसर्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर प्रदेश की चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने अपेक्षा जताई कि सभी प्रोफेसर्स विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, संवेदनशीलता, सेवा-भाव और मानवीय मूल्यों के साथ प्रशिक्षित करेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण पर निरंतर कार्य कर रही है। आयुष्मान योजना के अंतर्गत अब तक 61 लाख कार्ड बनाए जा चुके हैं, जिनसे प्रदेश के 17 लाख से अधिक मरीजों का 3300 करोड़ रुपये से अधिक का कैशलेस उपचार किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक ज़िले में मेडिकल कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं, जिनमें से पाँच संचालित हैं और दो का निर्माण तेजी से प्रगति पर है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी विभाग भी स्थापित किए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि हल्द्वानी में प्रदेश के पहले आधुनिक कैंसर संस्थान का निर्माण कार्य प्रगति पर है। हेली एम्बुलेंस सेवा सुदूरवर्ती क्षेत्रों में आपातकालीन परिस्थितियों में जीवन रक्षक सिद्ध हो रही है। राज्य के सरकारी अस्पतालों में पैथोलॉजिकल जांचें निःशुल्क उपलब्ध हैं और टेलीमेडिसिन सेवाओं से दूरस्थ क्षेत्रों तक विशेषज्ञ परामर्श पहुँच रहा है।

उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेजों और अस्पतालों में स्टाफ की कमी को तेजी से भरा जा रहा है। 142 असिस्टेंट प्रोफेसरों की नियुक्ति के साथ 356 अन्य पदों की भर्ती प्रक्रिया भी जारी है। अब तक 1248 नर्सिंग अधिकारियों और 170 तकनीशियनों की नियुक्ति की जा चुकी है, जबकि करीब 600 नर्सिंग अधिकारियों की चयन प्रक्रिया जारी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहले भर्तियों में भारी धांधली होती थी, लेकिन अब सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने से सभी चयन प्रक्रियाएँ पूरी तरह मेरिट आधारित हैं। अब तक लगभग 27 हजार युवा सरकारी नौकरी हासिल कर चुके हैं

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में 62 प्रतिशत परमानेंट फैकल्टी उपलब्ध है और यह संख्या भविष्य में और बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ और रुद्रपुर मेडिकल कॉलेजों का 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और दोनों अगले सत्र से प्रारंभ हो जाएंगे। वर्तमान में सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 625 विद्यार्थी एमबीबीएस और 256 विद्यार्थी पीजी कर रहे हैं। राज्य के लगभग 100 नर्सिंग कॉलेजों में हर साल 14 हजार छात्र-छात्राएँ नर्सिंग की पढ़ाई कर रहे हैं। हाल ही में नियुक्त 3000 नर्सिंग स्टाफ में 100 प्रतिशत युवा उत्तराखंड के हैं। उन्होंने कहा कि अब तक 32 लाख लोगों की निःशुल्क जांच की गई है तथा 350 मरीजों को एयर एम्बुलेंस से हाई सेंटर रेफर किया गया है।

कार्यक्रम में विधायक सविता कपूर, विधायक खजान दास, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डॉ. अजय आर्य और विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के प्राचार्य मौजूद थे।

Leave a Comment

और पढ़ें