
देहरादून 9 दिसंबर।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून नगर निगम के 27वें स्थापना दिवस समारोह में प्रतिभाग करते हुए 46 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि 27 वर्षों की यात्रा में नगर निगम ने नागरिक सुविधाओं के विस्तार, शहरी प्रबंधन के आधुनिकीकरण और स्वच्छ–सुव्यवस्थित देहरादून बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यह अवसर उपलब्धियों के उत्सव के साथ भविष्य की चुनौतियों और विकास के लक्ष्यों को गति देने का भी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शहरी विकास को राष्ट्रीय स्तर पर नई दिशा मिली है। स्वच्छ भारत मिशन, अमृत योजना और स्मार्ट सिटी मिशन जैसी पहलों ने शहरों के बुनियादी ढांचे, जल प्रबंधन, कचरा निस्तारण और हरित विकास को मजबूत किया है। इसी कड़ी में राज्य सरकार देहरादून को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में विकसित करने के लिए सतत प्रयासरत है।
उन्होंने बताया कि शहर में कचरा प्रबंधन को सुचारु बनाने के लिए आधुनिक मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन स्थापित किए गए हैं। कूड़ा वाहनों की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के लिए इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर संचालित है। हरित और स्वस्थ शहर की दिशा में 35 पार्क विकसित किए जा चुके हैं। केदारपुरम में योगा-थीम पर आधारित शहर का सबसे बड़ा पार्क बनाया जा रहा है, जबकि वीर बलिदानियों की स्मृति में 50 हजार वर्ग मीटर हरित क्षेत्र में स्मृति पार्क विकसित किए जा रहे हैं। ‘रीन्यू रिस्पना’ अभियान के माध्यम से शहर की नदियों को पुनर्जीवित करने का प्रयास जारी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून में 30 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हैं और निजी इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए 11 चार्जिंग स्टेशन बनाए गए हैं। स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में देहरादून को देशभर में 19वां स्थान और राष्ट्रीय स्वच्छता रैंकिंग में 62वां स्थान प्राप्त हुआ है। ट्रैफिक और पार्किंग की समस्याओं के समाधान हेतु शहर में भूमिगत पार्किंगों का निर्माण किया जा रहा है, जबकि रिस्पना और बिंदाल नदियों के ऊपर एलिवेटेड रोड निर्माण की योजना भी तैयार है। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले नगर निगम कर्मियों को सम्मानित भी किया गया।
मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि देहरादून को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के लिए नगर निगम निरंतर काम कर रहा है। उन्होंने निगम द्वारा संपन्न कराए जा रहे विकास कार्यों का विस्तार से उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री ने किरसाली चौक से सहस्त्रधारा क्रॉसिंग तक सड़क–फुटपाथ विकास, ग्रीनरी एवं सौंदर्यीकरण
मोथरोवाला में गैस चालित पशु शवदाह गृह का निर्माण
कैनाल रोड लक्जूरिया फार्म से अजन्ता होटल तक सड़क–फुटपाथ विकास एवं सौंदर्यीकरण
कुठाल गेट से राजपुर चौक तक ,सड़क–फुटपाथ विकास
धण्टाघर से आरटीओ चौक तक ,सड़क–फुटपाथ विकास ,धण्टाघर से यमुना कॉलोनी तक सड़क–फुटपाथ विकास
विवेकानंद चौक से कुठाल गेट तक सड़क–फुटपाथ विकास का शिलान्यास और
आईटी पार्क रोड, वार्ड-60 में पार्क का विकास
नगर निगम की कॉफी टेबल बुक, डायरी एवं ई-ऑफिस का अनावरण
मैकेनाइज्ड स्मार्ट कार पार्किंग ,राजपुर रोड पार्किंग,धोरण में मैकेनाइज्ड ट्रांसफर स्टेशन तक परियोऐ लोकार्पित की ।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक खजान दास, विनोद चमोली, उमेश शर्मा काऊ, नगर आयुक्त नमामि बंसल सहित अधिकारी एवं पार्षद उपस्थित रहे।







