बागेश्वर 6 दिसंबर ।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ व्यापक समीक्षा बैठक कर जनपद में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुँचना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बागेश्वर प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और साहसिक पर्यटन की अपार संभावनाओं वाला जनपद है। उन्होंने साहसिक पर्यटन के नए स्थलों की पहचान, विंटर टूरिज्म को बढ़ावा देने और हेली सेवाओं के विस्तार के कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्य सड़कों के चौड़ीकरण व हेली सेवाओं के विकास से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी।कृषि एवं उद्यान विभाग को लाल चावल, अदरक, हल्दी जैसी स्थानीय फसलों के लिए मजबूत मार्केट तैयार करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहद उत्पादन को मिशन मोड में बढ़ावा दिया जाएगा। एप्पल, कीवी जैसी उच्च मूल्य वाली फसलों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया ।मुख्यमंत्री ने बताया कि अब समाज कल्याण विभाग की पेंशन राशि हर माह की 05 तारीख को समय पर लाभार्थियों के खातों में भेजी जा रही है, जबकि पहले इसमें तीन माह तक लग जाते थे। उन्होंने विभाग को अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से जोड़ने के लिए जागरूकता शिविर नियमित रूप से आयोजित करने के निर्देश दिया ।मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा जैसी सेवाओं में किसी प्रकार की बाधा स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी विभागों को चेताया कि लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए और आम जनता की समस्याओं के समाधान में देरी न हो।बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने वाले ताइक्वांडो खिलाड़ियों को सम्मानित किया और कहा कि ऐसे खिलाड़ी प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं तथा युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत हैं।बैठक में जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे सहित सभी विभागाध्यक्ष, विधायक सुरेश गढ़िया, पार्वती दास और अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।








