भूमि खरीद-फरोख्त में धोखाधड़ी पर सचिव मुख्यमंत्री व कमीशनर दीपक रावत ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून, 06 दिसंबर। प्रदेश में भूमि खरीद-फरोख्त से जुड़े धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े की शिकायतों में वृद्धि को देखते हुए सचिव मुख्यमंत्री और कमीशनर दीपक रावत ने नागरिकों से जमीन खरीदते समय विशेष सतर्कता बरतने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि लेन-देन में लापरवाही से आर्थिक नुकसान और कानूनी जटिलताओं का सामना करना पड़ सकता है।

कमीशनर दीपक रावत ने नागरिकों को भूमि खरीदते समय कुछ महत्वपूर्ण सावधानियों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि भूमि का रिकॉर्ड राजस्व विभाग/भूलेख पोर्टल पर अवश्य मिलान करें, खतौनी, खसरा, नक्शा और स्वामित्व से जुड़े सभी दस्तावेज केवल अधिकारिक स्रोत से सत्यापित कराएँ। विक्रेता की पहचान और उसकी स्वामित्व स्थिति की पुष्टि करें और यह सुनिश्चित करें कि भूमि पर कोई विवाद, न्यायालयीय रोक, ऋण, बंधक या कब्जा न हो। किसी भी प्रकार के दलालों पर निर्भर न रहें और मूल दस्तावेज स्वयं देखें। रजिस्ट्री से पहले भूमि की पैमाइश कराएँ और मौके का निरीक्षण अवश्य करें।

सचिव मुख्यमंत्री और कमीशनर ने कहा कि यदि किसी दस्तावेज़ या लेन-देन में संदेह हो तो तुरंत तहसील, राजस्व विभाग या पुलिस से संपर्क करें और धोखाधड़ी की आशंका होने पर शिकायत दर्ज कराएँ। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि भूमि खरीद में जल्दबाज़ी न करें और संपूर्ण दस्तावेज़ी सत्यापन के बाद ही लेन-देन करें, ताकि भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी जटिलताओं से बचा जा सके।

Leave a Comment

और पढ़ें