देहरादून, 01 दिसंबर ।
विकासखंड डोईवाला के दूरस्थ ग्राम इठारना में आज बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी सविन बंसल ने ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को सुना और अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया। डीएम ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र के अंतिम छोर में निवासरत बुजुर्ग, महिला और बच्चे सरकार और जिला प्रशासन के लिए सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
शिविर में 35 से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाकर जनमानस की समस्याओं का निस्तारण किया और लाभार्थियों से मौके पर ही योजनाओं के फॉर्म भरवाए। ग्राम पंचायत रानीपोखरी को कूड़ा निस्तारण हेतु वाहन की स्वीकृति दी गई और मृत पशु के शव निस्तारण के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश राजस्व विभाग को दिए गए। ग्राम पंचायत गदुल में आधार एवं श्रम कार्ड बनाने हेतु कैंप लगाने के भी निर्देश जारी किए गए।
शिविर में 50 आधार कार्ड, 64 छात्रों की रोजगार काउंसलिंग, 2 जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, 2 दिव्यांग प्रमाण पत्र, 33 आयुष्मान कार्ड, 180 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच, 11 नई गैस कनेक्शन आवेदन, 6 राशन कार्ड आवेदन, 10 किशोरी किट, 3 लाभार्थियों को कृषि उपकरण के लिए 1.65 लाख रुपये अनुदान, 3 लाभार्थियों को मौके पर पेंशन, 46 वृद्धों को 132 सहायक उपकरण तथा 30 लाभार्थियों को पशु औषधि वितरित की गई। उद्यान विभाग द्वारा 12 लाभार्थियों को 50% अनुदान प्रदान किया गया। चिकित्सा विभाग ने 102 सामान्य ओपीडी, 15 गायनी ओपीडी, 30 से अधिक रक्त जांच, 16 टीवी जांच और 2 एक्स-रे कराए।
शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, पशुपालन, महिला सशक्तिकरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, समाज कल्याण, उद्यान, कृषि, रोजगार, पंचायतीराज, जल संस्थान और जल निगम सहित विभिन्न विभागों के स्टॉल स्थापित किए गए थे। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिकतम समस्याओं का समाधान स्थान पर ही किया जाए और शेष मामलों में विलंब न हो।
मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, उप जिलाधिकारी ऋषिकेश योगेश मेहर, निदेशक ग्रामीण विकास अभिकरण विक्रम सिंह, मुख्य शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार ढोंडियाल सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी शिविर में उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने इस प्रकार के शिविरों को अत्यंत उपयोगी बताया और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।









