लोक सेवा आयोग से चयनित 178 अभ्यर्थियों को सीएम धामी ने सौंपे नियुक्ति पत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से 26 हजार से अधिक युवाओं को मिला सरकारी सेवा में अवसर

देहरादून 27 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में लोक सेवा आयोग से चयनित अर्थ एवं संख्या, कृषि, उद्यान तथा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 178 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इनमें अर्थ एवं संख्या विभाग के 117, कृषि विभाग के 12, उद्यान विभाग के 30 और महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के 19 अभ्यर्थी शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर उत्तराखंड को विकसित, आत्मनिर्भर और देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएँगे।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध आँकड़े योजनाओं की रूपरेखा, क्रियान्वयन और मूल्यांकन की रीढ़ हैं। अर्थ एवं संख्या विभाग राज्य में डेटा संग्रह और विश्लेषण का नोडल विभाग है, इसलिए सहायक सांख्यिकी अधिकारी सरकार की नीतियों के प्रभाव का सटीक आकलन कर प्रणाली को तथ्यपरक फीडबैक उपलब्ध कराएँ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बीते साढ़े चार वर्षों में 26 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के माध्यम से सरकारी नौकरी का अवसर दिया गया है, जो राज्य गठन के बाद की पूर्ववर्ती सरकारों की तुलना में दोगुने से अधिक है।
उन्होंने कहा कि नकल माफियाओं पर कड़ा प्रहार करते हुए राज्य सरकार ने सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया, जिससे भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता और विश्वसनीयता सुनिश्चित हुई।सीएम धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, नई स्टार्टअप एवं उद्यमिता नीति, पर्यटन नीति, कृषि व उद्यान योजनाओं और होम-स्टे मॉडल के माध्यम से राज्य में रोजगार और स्वरोजगार के बड़े अवसर पैदा हुए हैं। इसके परिणामस्वरूप प्रदेश में रिवर्स माइग्रेशन के आंकड़ों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।कार्यक्रम में श्री कल्कि पीठाधीश्वर आचार्य प्रमोद कृष्णम, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, रेखा आर्या, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक भरत चौधरी और सविता कपूर सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

 

Leave a Comment