सतपाल महाराज ने की यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इकबालपुर नहर निर्माण, बनबसा बैराज की मरम्मत और शुक्रताल घाट पर जल उपलब्धता पर हुई विस्तृत चर्चा

लखनऊ/देहरादून, 26 नवंबर 2025।
प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व, संस्कृति, पंचायतीराज, लोक निर्माण, सिंचाई, ग्रामीण निर्माण एवं जलागम मंत्री सतपाल महाराज ने बुधवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

महाराज ने यूपी सरकार से हरिद्वार जनपद की इकबालपुर नहर के निर्माण की अनुमति प्रदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा कि यह नहर भगवानपुर तथा आसपास के क्षेत्रों में गिरते भूजल स्तर को सुधारने में सहायक होगी और किसानों को सीधा लाभ पहुंचाएगी। इससे क्षेत्र का समग्र कृषि और आर्थिक विकास भी तेज़ होगा।

बैठक में बनबसा बैराज की व्यापक मरम्मत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। महाराज ने अनुरोध किया कि बैराज के सुदृढ़ीकरण के लिए यूपी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए जाएं, ताकि क्षेत्र में सिंचाई और जल प्रबंधन व्यवस्था और बेहतर हो सके।

इसके साथ ही उन्होंने हरिद्वार की दो नहरों के उत्तराखंड को हस्तांतरण का विषय भी उठाया, जिससे जलापूर्ति और सिंचाई व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

मुलाकात के दौरान मंत्री महाराज ने मुजफ्फरनगर स्थित शुक्रताल घाट पर धार्मिक अनुष्ठानों और महापर्वों के समय पर्याप्त जल उपलब्धता सुनिश्चित करने का मुद्दा रखा। उन्होंने कहा कि सोलानी तथा बांणगंगा नदी के तट पर स्थित यह महत्वपूर्ण तीर्थ स्थल धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए घाट पर पर्याप्त जल उपलब्ध होना जरूरी है।

महाराज ने उम्मीद जताई कि उत्तर प्रदेश सरकार इन सभी विषयों पर जल्द आवश्यक कदम उठाकर सहयोग प्रदान करेगी।

Leave a Comment