यूथोपिया 2025 में रचा रंग, बेनी दयाल के लाइव कॉन्सर्ट ने बांधा समां

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून।डीआइटी विश्वविद्यालय के बहुप्रतीक्षित वार्षिक टेक्नो-कल्चरल फेस्ट यूथोपिया 2025 ने 20 से 22 नवंबर तक पूरे कैंपस को रचनात्मक ऊर्जा और उत्साह से सराबोर कर दिया। तीन दिनों तक चले इस आयोजन में तकनीक, संस्कृति, नवाचार और मनोरंजन का अनोखा संगम देखने को मिला। फेस्ट ने छात्रों को अपने हुनर और प्रतिभा के प्रदर्शन का व्यापक मंच प्रदान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत भव्य उद्घाटन समारोह से हुई, जिसमें कुलपति प्रो. जी. रघुरामा, डॉ. राकेश मोहन (डीएसडब्ल्यू), डॉ. सुरभि सचदेव, डॉ. नवीन सिंगल (डीन एवं चीफ़ प्रॉक्टर), डॉ. मनीषा दुसेजा और श्री सौरभ मिश्रा मौजूद रहे। प्रतिनिधियों ने युवाओं को रचनात्मकता और नवाचार को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कैंपस में विभिन्न कार्यक्रमों की गतिविधियां पूरे फेस्ट में छाई रहीं। दून ऑटो शो ने सबसे अधिक आकर्षण बटोरा, जिसमें विंटेज और मॉडर्न कारों, सुपर बाइक्स और हाई-ऑक्टेन स्टंट्स ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रदर्शन के दौरान राइडर्स और ड्राइवर्स के स्टंट्स पर छात्रों की तालियों की गूंज सुनाई देती रही।

सांस्कृतिक और तकनीकी प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को और जीवंत बना दिया। बैटल ऑफ बैंड्स, फेस्ट इन बीट्स, फुटलूज़, हैकाथॉन, रोबो-रश और क्रेसेंडो जैसे कार्यक्रमों में छात्रों ने गायन, नृत्य, थिएटर और तकनीकी कौशल का प्रदर्शन किया। रात होते ही कैंपस शास्त्रीय नृत्य, बॉलीवुड और वेस्टर्न डांस, सूफी गायन और रंगमंचीय प्रस्तुतियों से सराबोर हो गया।

फैशनिस्टा कार्यक्रम ने फेस्ट को नई ऊंचाई दी। रॉयल साड़ियों, शेरवानी और आधुनिक फैशन के आकर्षक अंदाज के साथ प्रतिभागियों ने रैम्प पर ऐसी प्रस्तुति दी कि दर्शक मंत्रमुग्ध रह गए। यह शो फेस्ट का प्रमुख आकर्षण बन गया।

बॉलीवुड डे ने फेस्ट में पुरानी यादों का तड़का लगाया। छात्रों ने सदाबहार गीतों, प्रसिद्ध दृश्यों और डायलॉग्स को मंच पर दोहराकर भारतीय सिनेमा की विरासत को नए अंदाज़ में जीवंत कर दिया। इसके बाद कलाकार रजत मिधा और डीजे शुभांग ने धमाकेदार प्रस्तुति देकर दर्शकों को देर रात तक झूमने पर मजबूर कर दिया।

फेस्ट का भव्य समापन प्रसिद्ध गायक बेनी दयाल और अक्षिता मेंगी के लाइव कॉन्सर्ट के साथ हुआ। बेनी दयाल के सुपरहिट गीतों पर छात्रों ने उत्साह से नाचते हुए पूरे वातावरण को संगीतमय बना दिया। समापन समारोह लंबे समय तक छात्रों की यादों में बस गया।

यूथोपिया 2025 ने डीआइटी विश्वविद्यालय की 25 से अधिक वर्षों की विरासत और छात्र प्रतिभा को खूबसूरती से प्रतिबिंबित किया। आयोजन ने परंपरा और आधुनिकता के मेल के साथ एक ऐसा अविस्मरणीय अनुभव दिया जिसने फेस्ट को साल का सबसे चर्चित आयोजन बना दिया ।

Leave a Comment