देहरादून 22 नवम्बर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रम सुधारों को देश के कार्यबल के लिए ऐतिहासिक बदलाव बताते हुए कहा कि इससे रोजगार जगत में नए युग का शुभारंभ हुआ है। चार श्रम संहिताओं को लागू किया जाना आत्मनिर्भर भारत के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण निर्णय है और इससे दूरगामी एवं सार्थक परिणाम सामने आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार श्रम संहिताओं के प्रभावी अनुपालन के लिए पूरी तरह कटिबद्ध है और उन्होंने श्रम सुधारों के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त किया।
सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि पूर्व में लागू श्रम कानूनों के दायरे से असंगठित क्षेत्र के बड़े वर्ग को बाहर रखा गया था और उनके लिए सामाजिक सुरक्षा के पर्याप्त प्रावधान नहीं थे। न्यूनतम वेतन भी सीमित क्षेत्रों तक ही सीमित था। इन परिस्थितियों का प्रभाव व्यापारिक सुगमता व विदेशी निवेश पर प्रतिकूल रूप से पड़ रहा था, जबकि इंस्पेक्टर राज की व्यवस्था उद्योगों के विकास में बाधा बन गई थी। इस दृष्टि से केंद्र सरकार द्वारा किए गए श्रम सुधार ऐतिहासिक कदम हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट किया कि नए कानून श्रमिकों के हितों की मजबूती से रक्षा करते हैं। सभी श्रमिकों के लिए न्यूनतम एवं समय पर वेतन, नियुक्ति पत्र की अनिवार्यता जैसे प्रावधान अभूतपूर्व हैं। श्रम सुधारों के तहत 40 करोड़ श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा का दायरा प्राप्त होगा। साथ ही महिला श्रमिकों को समान अवसर, समान वेतन और रात्रि पाली में काम करने की स्वतंत्रता प्रदान की गई है, जो नारी शक्ति को आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि निश्चित अवधि के कर्मचारियों को एक वर्ष की सेवा के बाद ग्रेच्युटी का प्रावधान, श्रमिकों के लिए निःशुल्क वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं जोखिम भरे कार्य क्षेत्रों में सौ प्रतिशत स्वास्थ्य सुरक्षा जैसे कदम अत्यंत अहम हैं। श्रम सुधारों से जहां श्रमिकों को सुरक्षित एवं बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा, वहीं व्यापार और उद्योगों के लिए भी अनुकूल परिस्थितियां निर्मित होंगी।
सीएम धामी के अनुसार नए श्रम कानूनों से राज्य के श्रमिक और उद्योग दोनों लाभान्वित होंगे और यह परिवर्तन राज्य की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।








