ई-केवाईसी न होने पर भी मिलेगा राशन, मंत्री रेखा आर्या का निर्देश — 30 नवंबर तक समय सीमा, वितरण नहीं रुकेगा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 22 नवम्बर। राज्य के राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अंगूठे के निशान या आंखों के रेटिना स्कैन में दिक्कत के कारण यदि आपकी ई-केवाईसी अभी तक नहीं हो पाई है, तो भी अब राशन वितरण में कोई बाधा नहीं आएगी। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री रेखा आर्या के निर्देश पर विभाग ने शनिवार को इससे संबंधित आदेश सभी जिला पूर्ति अधिकारियों को जारी कर दिए।

प्रदेशभर में राशन कार्ड धारकों की ई-केवाईसी का काम जारी है और केंद्र सरकार ने इसकी अंतिम तिथि 30 नवंबर तय की है। लेकिन बड़ी संख्या में तकनीकी अड़चनों के चलते अभी भी कई परिवार ई-केवाईसी नहीं करा पाए हैं।
मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि जन मिलन कार्यक्रमों के दौरान लोगों ने शिकायत की कि अंगूठा स्कैन न होने, रेटिना स्कैन न होने या घर का मुखिया रोजगार के चलते बाहर रहने के कारण उनकी ई-केवाईसी लंबित है। वहीं अत्यंत बुजुर्ग और गंभीर रोगियों की केवाईसी में भी कठिनाइयां आई हैं। ऐसे परिवारों में यह चिंता बनी हुई थी कि नवंबर के बाद उन्हें राशन मिल पाएगा या नहीं।

इन परिस्थितियों को देखते हुए मंत्री आर्या ने विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि ई-केवाईसी न होने के कारण किसी भी पात्र परिवार का राशन बंद न किया जाए। विभाग ने आदेश जारी करते हुए कहा है कि इन लाभार्थियों की ई-केवाईसी के लिए अतिरिक्त समय दिया जाएगा और राशन निर्बाध रूप से वितरित होता रहेगा।

इसके साथ ही मंत्री रेखा आर्या ने राशन विक्रेताओं को भी राहत देते हुए निर्देश दिया है कि उनके बकाया लाभांश का भुगतान तीन दिन के भीतर किया जाए।

 

Leave a Comment

और पढ़ें