देहरादून, 21 नवम्बर
संविधान दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के सभी शिक्षण संस्थानों में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का भव्य सामूहिक गायन किया जाएगा। इसमें 20 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के शामिल होने की तैयारी है। कार्यक्रम में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री भी प्रतिभाग करेंगे।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने सचिवालय में विद्यालयी, उच्च, संस्कृत तथा चिकित्सा शिक्षा विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक लेते हुए कार्यक्रम को वृहद स्तर पर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी 26 नवम्बर को सुबह 9:30 बजे प्रदेशभर के सभी राजकीय व निजी शिक्षण संस्थानों, तकनीकी और व्यावसायिक संस्थानों, चिकित्सा शिक्षा संस्थानों सहित प्रशिक्षण केंद्रों में एक साथ ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा।
बैठक में मंत्री रावत ने स्पष्ट किया कि कार्यक्रम में एनएसएस, एनसीसी, स्काउट्स एंड गाइड्स सहित सभी शिक्षार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि सामूहिक गायन कार्यक्रम में स्वाधीनता सेनानियों, पद्मश्री सम्मानित व्यक्तियों, जिलों के प्रभारी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों, महापौरों, जिला पंचायत अध्यक्षों, नगर निकायों के अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों और ग्राम प्रधानों को भी जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के दस्तावेजीकरण पर विशेष जोर देते हुए मंत्री ने अधिकारियों को गायन की वीडियो रिकॉर्डिंग और फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराने तथा जियोटैगिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही श्रेष्ठ वीडियो व तस्वीरें www.vandemataram150.in एवं अन्य सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर अपलोड की जाएंगी।
डाॅ. रावत ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी में संविधान, राष्ट्रगीत और राष्ट्रभावना के प्रति सम्मान को मजबूत करना है। इससे राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और प्रतिबद्धता की भावना को और मजबूती मिलेगी।
बैठक में सचिव उच्च एवं तकनीकी शिक्षा डाॅ. रणजीत सिन्हा, सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला, संयुक्त सचिव उच्च शिक्षा विक्रम यादव, निदेशक उच्च शिक्षा वी.एन. खाली, निदेशक चिकित्सा शिक्षा डाॅ. अजय आर्य, निदेशक माध्यमिक शिक्षा डाॅ. मुकुल कुमार सती, निदेशक प्राथमिक शिक्षा अजय कुमार नौडियाल, निदेशक संस्कृत शिक्षा कंचन देवराड़ी सहित विभिन्न अधिकारी उपस्थित रहे।








