देहरादून 17 नवंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल बैठक में राज्य के विकास कार्यों, जनशिकायतों के निस्तारण, सुरक्षा व्यवस्था और शीतकालीन यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की। सीएम ने रजत जयंती कार्यक्रम की सफलता पर अधिकारियों को बधाई दी और कहा कि राष्ट्रपति व प्रधानमंत्री का मार्गदर्शन राज्य के लिए महत्वपूर्ण है।
सीएम ने उत्तराखण्ड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में कदम बढ़ाते हुए प्रत्येक ब्लॉक में एक “आध्यात्मिक गांव” विकसित करने के निर्देश दिए। इसके तहत योग, आयुर्वेद और ध्यान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।
उन्होंने “एक जिला–एक मेला” अभियान के तहत चयनित मेलों को राजकीय मेला घोषित करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरकार मेलों को संरक्षण, वित्तीय सहायता और प्रचार-प्रसार देगी, जबकि आयोजक वही रहेंगे।
सीएम ने सीमांत गांवों को वाइब्रेंट विलेज और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने, शीतकालीन चारधाम यात्रा की तैयारियों को तेज करने तथा जीएमवीएन–केएमवीएन को विशेष छूट पैकेज लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग, स्वच्छता-कचरा प्रबंधन, जीआई टैग उत्पादों के निर्यात की योजना, शहरों की सुंदरता, सफाई और उद्यानिकी के विकास पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने राज्य की सभी सड़कों को गड्ढा-मुक्त करने, ट्रैफिक जाम का समाधान तैयार करने, सुरक्षा तंत्र मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी बढ़ाने और नशा नियंत्रण के लिए विशेष टीम बनाने के निर्देश दिए।
सीएम ने पिछले तीन वर्षों में बने स्थायी निवासी प्रमाण पत्रों की जांच कर गड़बड़ी मिलने पर सख्त कार्रवाई करने का आदेश दिया।
बैठक में प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, एडीजी अभिनव कुमार व अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।









