देहरादून 25 अक्टूबर। उत्तराखंड कांग्रेस ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ हस्ताक्षर अभियान की प्रगति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में समीक्षा बैठक की। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा ने की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विभिन्न जिलों और विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे हस्ताक्षर अभियान की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने बताया कि अब तक देहरादून और हरिद्वार महानगर समेत पांच जिलों से हस्ताक्षर अभियान के फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं। वहीं चकराता विधायक प्रीतम सिंह और विधायक वीरेंद्र जाति समेत पांच विधायकों के फॉर्म भी जमा हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि शेष सभी जिलाध्यक्षों और विधायकों को 31 अक्टूबर तक फॉर्म हर हाल में जमा करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
बैठक में माहरा ने आगामी दो महीनों के राजनीतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की। पूर्व सांसद महेंद्र पाल ने सुझाव दिया कि संगठन सृजन का कार्य पूरा होते ही कांग्रेस को राज्य के सभी जिलों और विकासखंडों में कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने चाहिए।
अनुसूचित जाति विभाग अध्यक्ष मदन लाल ने बताया कि विभाग 27 अक्टूबर से देहरादून से शुरू होकर सभी जिलों में अनुसूचित जाति वर्ग के नए कार्यकर्ताओं को जोड़ने का विशेष अभियान चलाएगा। वहीं पूर्व सैनिक विभाग अध्यक्ष कर्नल राम रतन नेगी ने अग्निपथ- अग्निवीर योजना के विरोध में गढ़वाल में चलाई गई यात्रा की रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष को सौंपी।
करण माहरा ने कहा कि शीघ्र ही सभी वरिष्ठ नेताओं से चर्चा के बाद प्रदेश कांग्रेस आगामी महीनों के कार्यक्रमों की घोषणा करेगी।
बैठक में महानगर कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जसविंदर सिंह गोगी, सरदार अमरजीत सिंह, गोपाल गड़िया, सुमित खन्ना, जगदीश धीमान, नवीन जोशी, हुकुम सिंह कठैथ, आनंद सिंह पुंडीर और विनीत प्रसाद भट्ट (बंटू) सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।








