गुटबाजी में उलझी कांग्रेस, विधायक समर्थकों के विरोध से डॉक्टरों के ट्रांसफर आदेश स्थगित
देहरादून 25 अक्टूबर। चौखुटिया में डॉक्टरों की तैनाती को लेकर मचे सियासी घमासान पर भाजपा ने कांग्रेस को आड़े हाथों लिया है। भाजपा ने कहा कि कांग्रेस की अंदरूनी गुटबाजी और परिवारवाद की राजनीति के चलते जनता को इलाज से वंचित होना पड़ रहा है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विकास भगत ने कहा कि चौखुटिया के लोग पिछले 24 दिनों से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों और सुविधाओं की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे थे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जनता की आवाज़ सुनते हुए सिर्फ 24 घंटे के भीतर सीएचसी को उप-जिला चिकित्सालय घोषित कर दिया और डॉक्टरों की तैनाती के आदेश भी जारी किए।
भगत ने बताया कि अल्मोड़ा जिला अस्पताल से डॉ. मनीष पंत और डॉ. कृतिका भंडारी को चौखुटिया भेजने के आदेश जारी हुए, लेकिन कांग्रेस के अंदरूनी विवाद के चलते यह फैसला विवादों में घिर गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की आपसी खींचतान और दबाव के कारण स्वास्थ्य विभाग को ट्रांसफर आदेश स्थगित करने पड़े, जिससे आम जनता की उम्मीदों पर पानी फिर गया।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि “जनता डॉक्टर मांग रही थी, सरकार ने डॉक्टर दे दिए — लेकिन विपक्ष को इससे भी परेशानी हो गई। कांग्रेस अब जनता की नहीं, सिर्फ अपने परिवार की चिंता कर रही है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. कृतिका भंडारी, जो पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की नातिन हैं, और डॉ. मनीष पंत, जो विधायक मनोज तिवारी के करीबी हैं, इनके नाम सामने आते ही कांग्रेस में हड़कंप मच गया। भगत ने कहा, “मनोज तिवारी करीब 200 समर्थकों के साथ सीएमओ कार्यालय पहुंच गए और उसे राजनीतिक वार्ड बना दिया।”
उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “सरकार जनता के घावों पर मरहम लगा रही है, लेकिन कांग्रेस हर इलाज में राजनीति का इंजेक्शन लगा रही है। चौखुटिया का अस्पताल तो अब उप-जिला चिकित्सालय बन गया है, लेकिन कांग्रेस की मानसिक स्थिति अभी भी पुराने वार्ड में भर्ती है।”
भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पर “फैमिली डॉक्टर पॉलिटिक्स” का आरोप लगाते हुए कहा कि डॉ. कृतिका भंडारी ने ट्रांसफर के बाद अचानक पैर में चोट का हवाला देते हुए 15 दिन की मेडिकल लीव मांगी, जबकि छुट्टी का प्रमाणपत्र देहरादून के कोरोनेशन अस्पताल से जारी हुआ। भगत ने सवाल उठाया कि “जो डॉक्टर ड्यूटी पर थीं ही नहीं, वो छुट्टी किससे ले रही हैं?”
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों के प्रति न तो संवेदनशील है और न ही जवाबदेह। चौखुटिया की जनता अपने साथ ठगी महसूस कर रही है। “जनता इलाज चाहती है, लेकिन कांग्रेस चाहती है राजनीति,” भगत ने कहा।









