देहरादून 25 अक्टूबर।


भाजपा राष्ट्रीय सह-कोषाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद डा. नरेश बंसल ने सांसद आदर्श ग्राम योजना के तहत सहसपुर ब्लॉक के हरियावाला कलां गांव को गोद लिया है। शनिवार को वे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ गांव पहुंचे, जहां उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर समस्याएं जानीं और विकास की रूपरेखा तय की।
डा. बंसल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना ‘संपूर्ण भारत के विकास’ का है, और यह तभी संभव है जब गांव आत्मनिर्भर और विकसित हों। उन्होंने कहा कि हरियावाला कलां को आदर्श ग्राम बनाकर यहां सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाएगा ताकि यह गांव अन्य क्षेत्रों के लिए मॉडल बन सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायत की कार्ययोजना डीआरडीए पोर्टल पर फीड कराई जाए और सभी विभाग आपसी समन्वय से विकास योजनाओं को धरातल पर उतारें। उन्होंने चेताया कि इस कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सांसद ने बताया कि इससे पहले वे रायवाला ब्लॉक के जीवनवाला और हरिपुर कलां गांव को गोद ले चुके हैं, जहां नियमित मॉनिटरिंग और योजनाओं की पहुंच से उल्लेखनीय विकास हुआ है।
इस अवसर पर विधायक सहदेव पुंडिर, सीडीओ अभिनव शाह, पीडी विक्रम, जिला पंचायत सदस्य कंचन देवी, ग्राम प्रधान रजनी देवी, प्रधान कोमल देवी, धीरज गुलेरिया (कनिष्ठ प्रमुख), पूर्व प्रधान आशीष नेगी, मेघ सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, अधिकारी एवं भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
डा. बंसल ने कहा कि “हरियावाला कलां के विकास के लिए व्यापक कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि यह गांव वास्तविक अर्थों में सांसद आदर्श ग्राम योजना का सफल उदाहरण बन सके।”








