टनकपुर (चंपावत), 24 अक्टूबर ।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को टनकपुर स्थित शारदा घाट में ₹185.20 करोड़ की लागत से बनने वाली शारदा कॉरिडोर परियोजना के प्रथम चरण का शुभारंभ किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि शारदा कॉरिडोर उत्तराखंड की आस्था, संस्कृति और विकास का प्रतीक बनेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा से माता रंकोची तक की घाटी को धर्म, प्रकृति और रोजगार के सुंदर संगम के रूप में विकसित किया जाएगा। परियोजना के तहत सुरक्षित स्नान घाट, आरती स्थल, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता एवं विश्राम सुविधाएं और सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि आरती स्थल अंतरराष्ट्रीय तकनीक से निर्मित होगा, जिसमें रेनवाटर हार्वेस्टिंग और फ्लोर कूलिंग सिस्टम जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। बाढ़ प्रतिरोधी संरचनाओं से नदी के प्रवाह को नियंत्रित कर आसपास के क्षेत्रों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर खोलेगा। उन्होंने इसे सामाजिक, सांस्कृतिक और पर्यावरणीय दृष्टि से एक आदर्श विकास मॉडल बताया।
गौरतलब है कि परियोजना के प्रथम चरण में किरोड़ा नाला पारिस्थितिक कॉरिडोर (₹109.57 करोड़), सिटी ड्रेनेज योजना (₹62.11 करोड़) और थाक गांव तक वैकल्पिक मार्ग (₹5.34 करोड़) शामिल हैं। यह परियोजना यूआईआईडीबी के माध्यम से संचालित की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शारदा कॉरिडोर केवल भौगोलिक विकास नहीं, बल्कि हमारी आस्था और आत्मा का पुनर्जागरण है, जहां परंपरा और आधुनिकता साथ-साथ चलेंगी।
इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, शंकर कोरंगा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।








