चंपावत में खुलेगा कृषि विश्वविद्यालय, सीएम धामी ने दी ₹20.50 करोड़ की सौगात

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


टनकपुर में 10 विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास, एबट माउंट में होगा विरासत संरक्षण कार्य

चंपावत, 24 अक्टूबर ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को टनकपुर स्थित शारदा घाट में आयोजित कार्यक्रम में ₹20.50 करोड़ की 10 विकास योजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पंतनगर की तर्ज पर चंपावत में कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना और छीनीगोठ क्षेत्र में बाढ़ राहत एवं सुरक्षा कार्य कराए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि छीनीगोठ एवं आसपास के क्षेत्रों में बाढ़ राहत कार्यों से मानसून के दौरान होने वाले नुकसान से क्षेत्र को सुरक्षा मिलेगी। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालय की स्थापना से स्थानीय युवाओं को कृषि एवं संबद्ध विज्ञानों में उच्च शिक्षा और अनुसंधान के अवसर प्राप्त होंगे। इससे वैज्ञानिक खेती को प्रोत्साहन मिलेगा और पर्वतीय कृषि अर्थव्यवस्था को नई दिशा मिलेगी।

सीएम ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, रोजगार और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। चंपावत में विकास को आगे बढ़ाते हुए इसे एक आदर्श जिला बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
₹20.50 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास व लोकार्पण

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ₹20.50 करोड़ की लागत से 10 परियोजनाओं की सौगात दी। इनमें 9 विकास योजनाओं का शिलान्यास और एक महत्वपूर्ण योजना — सैनिक स्मारक, बहुउद्देशीय हॉल एवं एसएसबी चौकी का लोकार्पण शामिल है।

₹19.06 करोड़ की 9 विकास योजनाओं का शिलान्यास

मुख्यमंत्री द्वारा जिन परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया, उनमें नागरिक सुविधाओं, यातायात प्रबंधन और धार्मिक-पर्यटन विकास पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।

1. मल्टी लेवल कार पार्किंग (चंपावत नगर):

लकड़ी टाल के पास मल्टी लेवल कार पार्किंग एवं परिसर निर्माण — ₹987.16 लाख

जायका रेस्टोरेंट के पास मल्टी लेवल कार पार्किंग — ₹352.00 लाख
इन परियोजनाओं से नगर की पार्किंग समस्या का स्थायी समाधान होगा और यातायात व्यवस्था सुचारु बनेगी।

2. धार्मिक एवं ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों का सौंदर्यकरण:
कुमाऊं मंडल विकास निगम द्वारा चंपावत के प्रमुख मंदिरों के सौंदर्यकरण कार्यों का शुभारंभ किया गया —

मल्लाडेश्वर मंदिर — ₹61.41 लाख

भागेश्वर मंदिर — ₹85.27 लाख

झालीमाली मंदिर — ₹47.03 लाख

ताड़केश्वर मंदिर — ₹90.10 लाख

डिप्टेश्वर महादेव मंदिर — ₹97.52 लाख

मानेश्वर में पर्यटन अवस्थापना विकास — ₹89.26 लाख

3. एबट माउंट में विरासत संरक्षण कार्य:
ब्रिटिशकालीन चर्च एवं सिमेट्री के संरक्षण हेतु ₹96.96 लाख की योजना का शिलान्यास किया गया। यह योजना क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को नई पहचान देने में सहायक होगी।
मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित और शिलान्यास की गई ये सभी योजनाएं चंपावत को नागरिक सुविधाओं, धार्मिक पर्यटन, विरासत संरक्षण और शैक्षिक विकास के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मील का पत्थर साबित होंगी। इनसे न केवल स्थानीय जीवन स्तर में सुधार होगा, बल्कि पर्यटन, रोजगार और आर्थिक सशक्तिकरण के नए द्वार भी खुलेंगे।

इस अवसर पर दायित्वधारी श्याम नारायण पांडे, शंकर कोरंगा, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद सिंह अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, भाजपा जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें