डीएम सविन बंसल बोले – रजत जयंती सप्ताह होगा लोक संस्कृति, विकास और समृद्धि का उत्सव
देहरादून 22 अक्टूबर ।
उत्तराखंड राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में पूरे जनपद में 3 से 9 नवंबर तक रजत जयंती सप्ताह बड़े हर्षोल्लास से मनाया जाएगा। इस मौके पर नारी शक्ति, सुशासन, यूथ स्पोर्ट्स, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, सांस्कृतिक विरासत और रोजगार जैसे विषयों पर जिलेभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
राज्य स्थापना रजत जयंती सप्ताह एवं स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी सविन बंसल ने सोमवार को जिला कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि यह पर्व उत्तराखंड की लोक संस्कृति, विकास और समृद्धि का उत्सव है। सभी विभाग जनसहभागिता को प्राथमिकता में रखते हुए तैयारियाँ समयबद्ध पूरी करें।
डीएम ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले आयोजनों में हर दिन एक अलग थीम रखी जाएगी।
नारी शक्ति दिवस पर स्वयं सहायता समूहों और एनआरएलएम समूहों द्वारा बनाए गए उत्पादों की प्रदर्शनी लगेगी।
सुशासन दिवस पर प्रत्येक ब्लॉक में वृहद बहुउद्देशीय शिविर आयोजित कर जनता की समस्याओं का मौके पर समाधान किया जाएगा।
यूथ स्पोर्ट्स डे पर क्रॉस कंट्री दौड़, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून और अन्य एडवेंचर स्पोर्ट्स प्रतियोगिताएँ होंगी।
पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन दिवस पर नशामुक्ति, सड़क सुरक्षा, और पर्यावरण संरक्षण पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
शहीदों को नमन दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मानित किया जाएगा।
डीएम ने शिक्षण संस्थाओं में “विजन 2050” विषय पर निबंध, पेंटिंग और गोष्ठी जैसी प्रतियोगिताओं के आयोजन के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आरबीआई की वर्कशॉप के माध्यम से लोगों को बैंकिंग सुविधाओं और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह, सीएमओ डॉ. मनोज कुमार शर्मा, जिला पर्यटन अधिकारी बृजेन्द्र पांडेय, जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।








