अर्बन नक्सल के जुमले के पीछे छिप रही सरकार: सूर्यकांत धस्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष बोले — सीमावर्ती राज्य उत्तराखंड में सरकार हर मोर्चे पर फिसड्डी, बताए अर्बन नक्सल कौन

देहरादून 18 अक्टूबर। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनसरोकारों से जुड़े हर मोर्चे पर विफल रही है और अब 2027 के विधानसभा चुनावों को देखते हुए ‘अर्बन नक्सल’ का नया जुमला गढ़कर जनता का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी भाजपा को जवाबदेही से भागने नहीं देगी और इस जुमले की आड़ में छिपने का प्रयास बेनकाब करेगी।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में धस्माना ने कहा कि यदि वास्तव में राज्य में अर्बन नक्सल गैंग सक्रिय है तो सरकार बताए कि उसका सरगना कौन है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस गंभीर विषय की जानकारी राज्य सरकार ने केंद्रीय गृह मंत्रालय को दी है, जबकि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने हाल ही में कहा था कि देश में नक्सलवाद लगभग समाप्ति की ओर है।

धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड सीमावर्ती संवेदनशील राज्य है जिसकी सीमाएं चीन (तिब्बत) और नेपाल से लगती हैं। ऐसे में यदि अर्बन नक्सल जैसी गतिविधियां यहां पनप रही हैं तो यह बेहद गंभीर मामला है, जिस पर सरकार को जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार दूसरी बार सत्ता में आने के बाद जनता को निराश कर चुकी है। उपलब्धियों के अभाव में अब सरकार केवल जुमलेबाजी पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी चरम पर है और सरकार फर्जी आंकड़े पेश कर 26 हजार नौकरियां देने का दावा कर रही है। कांग्रेस मांग करती है कि सरकार विभागवार आंकड़ों के साथ श्वेत पत्र जारी करे।

धस्माना ने कहा कि उपनल कर्मचारियों को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक वर्ष पहले “समान कार्य समान वेतन” के निर्देश दिए थे, लेकिन राज्य सरकार ने आज तक उस पर अमल नहीं किया।

उन्होंने कहा कि महिलाओं पर अत्याचार, हत्या और बलात्कार की घटनाएं बढ़ी हैं और कई मामलों में सत्ता पक्ष के लोग स्वयं संलिप्त हैं। राज्य की कानून व्यवस्था ध्वस्त, स्वास्थ्य सेवाएं बदहाल और शिक्षा व्यवस्था चरमराई हुई है। परीक्षाओं के पेपर लीक से पूरे सिस्टम की पोल खुल चुकी है।

उन्होंने कहा कि आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह फेल साबित हुआ है। धराली आपदा पर आज तक सरकार यह तक नहीं बता पाई कि कितने लोगों की मौत हुई।

धस्माना ने कहा कि कुल मिलाकर भाजपा सरकार हर मोर्चे पर नाकाम रही है और अब काल्पनिक मुद्दों के सहारे जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करण माहरा के मीडिया सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल और महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष विपुल नौटियाल भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें