उत्तराखंड में पीएमश्री की तर्ज पर बनेगी नई शिक्षा योजना — स्कूलों में बढ़ेंगी स्मार्ट सुविधाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने दी निर्देश, लखपति दीदी योजना की भी की समीक्षा

देहरादून 17 अक्टूबर । प्रदेश के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों को और बेहतर शिक्षा वातावरण मिलेगा। मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने शुक्रवार को सचिवालय में पीएमश्री और लखपति दीदी योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि उत्तराखंड में भी पीएमश्री योजना की तर्ज पर स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए नई योजना चलाई जाए।

मुख्य सचिव ने बताया कि पीएमश्री योजना के तहत स्कूलों को 5 वर्षों में कुल 2 करोड़ रुपये (हर वर्ष 40-40 लाख) की सहायता दी जाती है, जिससे स्मार्ट क्लास, विज्ञान प्रयोगशालाएं, पुस्तकालय और खेल सुविधाएं विकसित की जाती हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में भी इसी मॉडल पर कार्य करते हुए क्लस्टर विद्यालयों से शुरुआत की जाएगी ताकि सभी सरकारी स्कूल आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित हों।
मुख्य सचिव ने लखपति दीदी योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए इसे और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों (SHG) के उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए तकनीकी प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रम नियमित रूप से चलाए जाएं।उन्होंने राज्य स्तरीय संचालन समिति और निगरानी समिति के गठन को शीघ्र पूरा करने और उनकी नियमित बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए। साथ ही, SHG उत्पादों को ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म, रिटेल चेन और “हाउस ऑफ हिमालयाज” में शामिल करने पर जोर दिया।

बैठक में प्रमुख सचिव आर. मीनाक्षी सुंदरम, अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे, मेहरबान सिंह बिष्ट और झरना कामठान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें