मुख्यमंत्री धामी बोले— “मिलावट पर जीरो टॉलरेंस”
देहरादून 17 अक्टूबर ।
दीपावली से पहले उत्तराखंड सरकार ने मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत के निर्देश पर प्रदेशभर में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमें सक्रिय हैं। सीमावर्ती जिलों देहरादून, हरिद्वार, उधमसिंहनगर और नैनीताल में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
अमानतगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने एक वाहन से 10 क्विंटल मावा जब्त किया, जबकि रुड़की में 10 लीटर मिलावटी मावा पकड़ा गया जिसे मौके पर नष्ट किया गया। देहरादून में भी मिठाई और दूध उत्पाद बेचने वाले प्रतिष्ठानों की जांच में 10 नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं।
स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने बताया कि पूरे प्रदेश में स्पेशल टास्क फोर्स की तर्ज पर निरीक्षण दल गठित किए गए हैं। मिलावट पाए जाने पर दोषियों पर एफएसएसएआई एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई होगी।
महिला सशक्तिकरण मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि “2047 तक विकसित भारत के निर्माण में पोषण और शुद्ध आहार ही आधार बनेंगे।”








