सशक्त बहना उत्सव’ में मुख्यमंत्री ने महिलाओं को किया प्रोत्साहित, कहा—“महिलाएँ बनें आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड की अग्रदूत”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चंपावत, 16 अक्टूबर 2025 ।


मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को टनकपुर के छीनीगोठ में आयोजित “मुख्यमंत्री सशक्त बहना उत्सव” में प्रतिभाग कर महिलाओं के आत्मविश्वास, उद्यमशीलता और पारंपरिक कौशल का उत्सव मनाया।

कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर मुख्यमंत्री का ढोल-दमऊ और छोलिया नृत्य के साथ स्वागत किया। बच्चों ने बैंड वादन कर वातावरण को और भी ऊर्जावान बनाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “महिलाओं की भागीदारी से ही विकसित उत्तराखण्ड का सपना साकार होगा। राज्य सरकार महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न स्टालों का अवलोकन किया और मट्ठा निर्माण, ऐंपण कला, सोल्डरिंग, धान कूटने और लौह उत्पाद निर्माण में स्वयं सहभागिता कर महिलाओं को प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि पारंपरिक खाद्य और कला उत्पादों को आधुनिक बाजार से जोड़ना आवश्यक है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित ‘महालक्ष्मी किट’ वितरण किया और बच्चों को बाल भोग खिलाकर उनसे संवाद किया। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के योगदान की सराहना की।

लौह उद्योग स्टाल पर मुख्यमंत्री ने चरखा चलाया और भट्टी गर्म की, जिससे महिलाओं की तकनीकी दक्षता और आत्मनिर्भरता का उदाहरण सामने आया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में लगभग 70 हजार स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 5 लाख से अधिक महिलाएँ स्वरोजगार से जुड़ी हैं, जिनमें 1.65 लाख ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। उन्होंने महिला सशक्तिकरण को राज्य की समृद्धि की रीढ़ बताया।

उन्होंने दीपावली पर्व की शुभकामनाएँ देते हुए महिलाओं से ‘लोकल फॉर वोकल’ के मंत्र को जन आंदोलन बनाकर आत्मनिर्भर उत्तराखण्ड के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पांडे, जिला अध्यक्ष गोविंद सामंत, प्रदेश महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिला पंचायत अध्यक्ष आनंद अधिकारी, ब्लॉक प्रमुख अंचला बोहरा, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पांडे सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और हजारों लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें