मुख्यमंत्री धामी ने श्रद्धालुओं के दल को किया रवाना, बोले—मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना से वरिष्ठ नागरिकों को मिल रहा आध्यात्मिक सुकून

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हल्द्वानी, 14 अक्तूबर ।


राज्य सरकार की मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 32 श्रद्धालुओं का दल मंगलवार को गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सर्किट हाउस, हल्द्वानी से हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को विदा किया और सभी को सुरक्षित व मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को धार्मिक स्थलों के दर्शन का अवसर प्रदान कर उनके जीवन में आध्यात्मिक शांति और आनंद का संचार करना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बुजुर्गों के जीवन में खुशियां और आत्मिक सुकून लाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पांच दिवसीय इस यात्रा में 19 महिलाएं और 13 पुरुष श्रद्धालु शामिल हैं। यह दल गंगोत्री धाम के साथ-साथ मार्ग में पड़ने वाले अन्य पवित्र स्थलों के भी दर्शन करेगा। यात्रियों के ठहरने, भोजन और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था गढ़वाल मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास केन्द्रों में की गई है।

कार्यक्रम के दौरान विधायक बंशीधर भगत (कालाढूंगी), विधायक राम सिंह कैड़ा (भीमताल), भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, कुमाऊं मंडल के आयुक्त दीपक रावत, आईजी रिद्धिम अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा, “वरिष्ठ नागरिक हमारे अनुभव और संस्कारों के धनी हैं। मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना उनके सम्मान और सेवा का प्रतीक है।”

Leave a Comment

और पढ़ें