
देहरादून, 17 सितम्बर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को मध्यप्रदेश के धार से ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कई अन्य पहलों का शिलान्यास भी किया और जनसमूह को संबोधित किया।
यह अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक देशभर के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, सीएचसी, जिला अस्पतालों और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में चलाया जाएगा। एक लाख से अधिक स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिससे यह महिलाओं और बच्चों के लिए अब तक का सबसे बड़ा स्वास्थ्य अभियान बन जाएगा।
देहरादून स्थित राजकीय दून मेडिकल कॉलेज में इस कार्यक्रम का वर्चुअल प्रसारण किया गया, जिसमें राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित अन्य गणमान्य लोग शामिल हुए। राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर लगे स्वास्थ्य स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
राज्यपाल ने कहा कि “स्वस्थ और जागरूक नारी ही समाज को नई दिशा दे सकती है। यह अभियान परिवार और समाज दोनों की मजबूती की आधारशिला है।” उन्होंने आमजन से इस अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने की अपील कओर राज्यपाल ने यह भी कहा कि स्वदेशी अपनाने का संकल्प एक महान क्रांति का सूत्रपात करेगा और उत्तराखण्ड की महिला स्व-सहायता समूहों को इससे नया आयाम मिलेगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि चारधाम परियोजना, हवाई सेवा विस्तार से लेकर आपदा के समय तक प्रधानमंत्री ने हमेशा उत्तराखण्ड का सहयोग किया है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि मातृशक्ति का योगदान राज्य के विकास में अहम है।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्रीमती रेखा आर्या, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, विधायक खजानालय दास, विनोद चमोली, सविता कपूर, सुरेश गड़िया, मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।








