जन्मदिन पर भी आपदा प्रबंधन में जुटे रहे मुख्यमंत्री धामी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने 50वें जन्मदिवस (16 सितंबर) पर जश्न और औपचारिक आयोजनों से दूरी बनाकर दिनभर आपदा प्रबंधन के मोर्चे पर सक्रियता दिखाई। मुख्यमंत्री सुबह तड़के ही आपदा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लेने निकल पड़े और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए।

सुबह नौ बजे से पहले ही मुख्यमंत्री धामी देहरादून के मालदेवता क्षेत्र पहुंचे और ट्रैक्टर पर चढ़कर आपदा से हुए नुकसान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाने का भरोसा दिलाया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से आपदा से हुए नुकसान का विवरण भी लिया।

मुख्यमंत्री ने अपने जन्मदिन से पहले ही समर्थकों से किसी प्रकार का समारोह न करने की अपील की थी और जन्मदिन को सादगी व सेवा के साथ मनाने का संकल्प व्यक्त किया था। इसी क्रम में उन्होंने मुख्यमंत्री आवास से प्रदेशभर की तहसीलों में आयोजित तहसील दिवस कार्यक्रम में वर्चुअल रूप से भाग लिया और जनता से संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की समस्याओं का समाधान स्थानीय स्तर पर शीघ्र किया जाए।

इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, धर्मेंद्र प्रधान, मनोहर लाल खट्टर, डॉ. मनसुख मांडविया, उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहनलाल यादव, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित अनेक गणमान्य नेताओं ने मुख्यमंत्री धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री धामी उत्तराखंड के चहुंमुखी विकास में अहम भूमिका निभा रहे हैं। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मुख्यमंत्री धामी गरीब कल्याण और देवभूमि की प्रगति के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।

Leave a Comment

और पढ़ें