

देहरादून 8 सितंबर।
राज्य में हालिया आपदा से हुई क्षति का आकलन करने के लिए अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम शनिवार को देहरादून से विभिन्न जनपदों के लिए रवाना हो गई।
सुबह राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने टीम के समक्ष आपदा से हुई क्षति पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद टीम फील्ड भ्रमण के लिए प्रस्थान कर गई।
टीम उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, पौड़ी, बागेश्वर और नैनीताल जिलों में स्थल निरीक्षण कर आपदा प्रभावित क्षेत्रों का आकलन करेगी। इस टीम का नेतृत्व गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव आर. प्रसन्ना कर रहे हैं। उनके साथ छह अन्य सदस्य भी हैं, जिनमें अनु सचिव शेर बहादुर,अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार,उप निदेशक विकास सचान,मुख्य अभियंता पंकज सिंह,निदेशक डॉ. वीरेन्द्र सिंह शामिल हैं। टीम का उद्देश्य प्रभावित जिलों में नुकसान की वास्तविक स्थिति जानना और केंद्र सरकार को विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करना है।








