स्वामी अवधेशानंद पब्लिक स्कूल के वार्षिककोत्सव में बड़ी संख्या में लोगों ने लिया स्वामी जी का आशीर्वाद।
लोहाघाट 26 अप्रैल
। बाज- बुरांश के बनो से आच्छादित क्षेत्र के बीच से आज आध्यात्मिक एवं ज्ञान के संगम से यह दूर – दराज का ग्रामीण क्षेत्र महक उठा। यहां स्थापित ज्ञान पुंज को आलोकित करने के लिए युगनिर्माता दिव्यात्मा के चरण-रज की धूली से इस क्षेत्र से सेवा समर्पण व यहां के बच्चों के भविष्य को तरास कर उन्हें जीवन के ऊंचे मुकाम तक पहुंचाने के लिए सभी लोग कमर कसे हुए थे। मौका था यहां से 35 किलोमीटर दूर चौड़ाख्यली के जंगल के शांत वातावरण में स्वामी अवधेशानंद पब्लिक स्कूल के वार्षिकोत्सव के अवसर पर जूना पीठाधीश्वर ,आचार्य महामंडलेश्वर पूज्यपाद् श्रीस्वामी अवधेशानंद गिरिजी महाराज के यहां आगमन पर 14 वर्ष पूर्व स्वामी जी ने ही अपने करकमलों व अपनी परिकल्पना से हिमालयी क्षेत्र के शांतिनिकेतन में स्वामी अवधेशानंद पब्लिक स्कूल की स्थापना की थी। आज उसी विद्यालय के वार्षिकोत्सव समारोह के अवसर पर बच्चों व विद्यालय परिवार को अपना आशीर्वाद देने स्वामी जी यहां पहुंचे थे। उन्होंने कहा अन्न -अक्षर व औषधि की थीम पर मानव कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यो के आधार पर इस सीमांत ,दुर्गम एवं अविकसित क्षेत्र के बच्चों की मेधा को तरास कर उन्हें भी जीवन के ऊंचे मुकाम में पहुंचने का हमने लक्ष्य बनाया हुआ है। क्योंकि शिक्षा ही मनुष्य के सर्वांगीण विकास का ऐसा उदगम है जहां से अच्छे आचार विचार व संस्कारो में तरासे जाने वाले बच्चे समाज व राष्ट्र के लिए तैयार किए जाते हैं । उन्होंने लाडली फाउंडेशन के देवेंद्र गुप्ता की ओर से संचालित स्मार्ट क्लासेस का भी शुभारंभ किया ।
अंग्रेजी माध्यम के इस विद्यालय में बच्चों को आध्यात्म, आचार ,विचार संस्कार, की निशुल्क शिक्षा दी जाती है। जिसमें बच्चों को कापी किताबें ड्रेस आदि सभी सुविधाएं उपलब्ध होती है। स्वामी जी ने बच्चों से कहा आप जीवन का ऊंचा लक्ष्य निर्धारित कर चलो, हम आपके पीछे एक मजबूत सहारा बने हुए हैं ।उन्होंने विद्यालय प्रबंधन ,अनुशासन एवं बच्चों को संस्कारवान बनाने के लिए प्रधानाचार्या अनीता पगरिया एवं उनके सभी सहयोगीयो के प्रयासों की सराहना की। इससे पूर्व स्वामी जी एवं पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वामी अवधेशानंद विद्यालय , चैरिटेबल एंड एजुकेशनल ट्रस्ट के अध्यक्ष कैलाशानंद गिरी महाराज एवं संचालन आशीष जोशी, विनीता बिष्ट एवं घनश्याम जोशी ने किया ।स्वामी जी के सम्मान में बच्चों ने प्रेरणादायक एवम् राष्ट्रभक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रम प्रदर्शित कर दर्शकों की खूब तालियां बटोरी ।बच्चों ने अपने मॉडलों का भी प्रदर्शन किया । इस अवसर पर लधियाघाटी क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग स्वामी जी का आशीर्वाद लेने के लिए आए हुए थे, जिन्हें अन्न प्रसाद भी ग्रहण कराया गया ।कार्यक्रम को लेकर सुबह से ही यहां के लोगों का रूख विद्यालय की ओर था। स्वामी जी ने यहां चिकित्सा सुविधाओं के अभाव को देखते हुए निकट भविष्य में निशुल्क चिकित्सा शिविर लगाने की भी बात कही। स्वामी जी हैली से खेतीखान के फील्ड में उतरे जहां पुलिस अधीक्षक अजय गणपति समेत तमाम लोगों ने उनका भावपूर्ण स्वागत किया। इस अवसर पर सी ओ वंदना वर्मा भी मौजूद थी।








