वैध मतदाताओं के नाम काटे गए तो कांग्रेस करेगी आंदोलन : धस्माना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


किच्छा में विधायक तिलकराज बेहड़ पर हमले को बताया दुर्भाग्यपूर्ण, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

देहरादून 23 सितंबर। प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि यदि उत्तराखंड में किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से हटाया गया तो कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में चुनाव आयोग के अधिकारियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से घेराव, प्रदर्शन और अन्य आंदोलनात्मक कदम उठाए जाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों से बातचीत में धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और अनियमितताओं को लेकर राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी बीआरसी पुरुषोत्तम को कई बार प्रमाणों के साथ शिकायतें दी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बावजूद कांग्रेस के परंपरागत समर्थक मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसी भी वैध मतदाता का नाम सूची से हटाया गया तो कांग्रेस उसका विरोध करेगी।

धस्माना ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर प्रकाशित एक राष्ट्रीय समाचार पत्र की खोजी रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी लंबे समय से मुख्य निर्वाचन आयुक्त और निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति प्रक्रिया तथा आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते रहे हैं। धस्माना ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग पर केंद्र सरकार के दबाव में काम करने के आरोप गंभीर हैं और आयोग की निष्पक्षता को लेकर उठ रहे सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए।

उन्होंने पश्चिम बंगाल की मतदाता सूची का भी उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि वहां बड़ी संख्या में वैध मतदाताओं के नाम हटाए गए और बाद में कुछ नाम दोबारा जोड़े गए। धस्माना ने कहा कि उत्तराखंड में भी मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

बेहड़ पर हमले को लेकर भाजपा पर निशाना

धस्माना ने मंगलवार को ऊधमसिंह नगर जिले के किच्छा में पूर्व मंत्री एवं विधायक तिलकराज बेहड़ पर हुए हमले की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों ने पूर्व विधायक के नेतृत्व में विधायक पर हमला किया। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से प्रदेश का माहौल खराब होता है और कांग्रेस इसे स्वीकार नहीं करेगी।

उन्होंने आरोप लगाया कि किच्छा नगर निकाय चुनाव में संभावित हार को देखते हुए भाजपा की ओर से ऐसी कार्रवाई की गई। धस्माना ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए और हिंसा के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए।

Leave a Comment

और पढ़ें