अभियंता दिवस पर पीसी ध्यानी ने अभियंताओं से नवाचार पर जोर दिया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

पिटकुल और यूपीसीएल के कार्मिकों ने संयुक्त रूप से मनाई भारत रत्न विश्वेश्वरैया की जयंती

देहरादून, 15 सितंबर। भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की जयंती एवं अभियंता दिवस के अवसर पर पिटकुल और यूपीसीएल के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से अभियंता दिवस मनाया। कार्यक्रम यूपीसीएल मुख्यालय स्थित ‘विक्टोरिया क्रास विजेता गबर सिंह ऊर्जा भवन’ के सम्मेलन कक्ष में आयोजित किया गया। इस अवसर पर संगोष्ठी और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

पिटकुल एवं यूपीसीएल के प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी ने विभागीय कार्यों से बाहर होने के बावजूद वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम की अध्यक्षता की और दोनों निगमों के कार्मिकों को संबोधित किया। उन्होंने सभी अभियंताओं को अभियंता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भारत रत्न डॉ. मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के जीवन, संघर्ष और उपलब्धियों को याद किया।

पीसी ध्यानी ने कहा कि उत्तराखंड के तीनों ऊर्जा निगमों यूपीसीएल, पिटकुल और यूजेवीएन लिमिटेड की राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका है। अभियंताओं को निर्धारित समय सीमा में कार्यों को धरातल पर उतारते हुए प्रदेश और देश के विकास में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने अभियंताओं को नवाचार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि वर्तमान समय की जरूरतों के अनुरूप नए टावर डिजाइन तैयार करने, नई तकनीक अपनाने और चुनौतियों में अवसर तलाशने की दिशा में काम किया जाना चाहिए।

कार्यक्रम का शुभारंभ यूपीसीएल के निदेशक परिचालन एमआर आर्य, निदेशक वित्त कमल शर्मा, अधिशासी निदेशक आरजे मलिक, पिटकुल के कंपनी सचिव अरुण सभरवाल और अन्य अधिकारियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इससे पहले अधिकारियों का पुष्पगुच्छ और कलियां भेंट कर स्वागत किया गया।

संगोष्ठी में यूपीसीएल की ओर से एमआर आर्य, कमल शर्मा, मुख्य अभियंता शेखर त्रिपाठी, अधीक्षण अभियंता शिशिर श्रीवास्तव, सुधीर कुमार और अधिशासी अभियंता श्वेता पूर्णिया तथा पिटकुल की ओर से कंपनी सचिव अरुण सभरवाल, मुख्य अभियंता एचएस ह्यांकी, अनुपम सिंह, पंकज कुमार और अधीक्षण अभियंता सचिन रावत ने विचार रखे। वक्ताओं ने दोनों निगमों के अधिकारियों और कर्मचारियों को संयुक्त रूप से अभियंता दिवस के आयोजन में शामिल करने की पहल के लिए प्रबंध निदेशक पीसी ध्यानी का आभार जताया।

इस अवसर पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में दोनों निगमों के कार्मिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में पिटकुल और यूपीसीएल के विभिन्न कार्यालयों, उपकेंद्रों और परियोजनाओं में कार्यरत अधिकारी और कर्मचारी ऑनलाइन माध्यम से भी जुड़े। संगोष्ठी का संचालन वरिष्ठ औद्योगिक अभियंता पंकज शर्मा ने किया।

Leave a Comment

और पढ़ें