झाझरा में पांच बीघा अवैध प्लॉटिंग ध्वस्त, एमडीडीए की कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

सेक्टरवार टीमें कर रहीं निगरानी, विकासनगर, समसपुर, ऋषिकेश, रायपुर और डोईवाला में भी अभियान

देहरादून, 15 सितंबर। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में प्राधिकरण की टीम ने झाझरा क्षेत्र में करीब पांच बीघा भूमि पर की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। प्राधिकरण ने अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सेक्टरवार टीमें गठित की हैं, जो अपने-अपने क्षेत्रों में निर्माण और प्लॉटिंग की लगातार निगरानी कर रही हैं।

एमडीडीए के अनुसार चरनपाल आदि के स्थल नन्दा एन्कलेव, सैनिक कॉलोनी, एलपी विलाश के सामने, झाझरा में करीब पांच बीघा भूमि पर डिमार्केशन कर प्लॉटिंग की जा रही थी। निरीक्षण के दौरान मौके पर स्वीकृत तलपट मानचित्र प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बाद प्राधिकरण स्तर से नियमानुसार वाद दायर किया गया। जांच और कार्रवाई की प्रक्रिया पूरी होने के बाद स्थल पर की जा रही समस्त अनधिकृत प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया गया।

प्राधिकरण ने बताया कि वर्ष 2026 के शुरुआती आठ महीनों में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ बड़े स्तर पर कार्रवाई की गई है। यह कार्रवाई केवल छोटे निर्माणों तक सीमित नहीं रही, बल्कि नियमों का उल्लंघन करने वाली बड़ी इमारतों और व्यावसायिक निर्माणों के मामलों में भी की गई है। विकासनगर, ऋषिकेश, सहसपुर, रायपुर और डोईवाला सहित विभिन्न क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है।

एमडीडीए ने अवैध निर्माण और प्लॉटिंग पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सेक्टरवार टीमों को सक्रिय किया है। ये टीमें बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माण और प्लॉटिंग की जानकारी जुटाकर नियमानुसार कार्रवाई कर रही हैं। प्राधिकरण का कहना है कि अनधिकृत प्लॉटिंग पर कार्रवाई के साथ लोगों को भी भूमि खरीदने से पहले भूखंड और ले-आउट की वैधानिक स्थिति की जांच करने के लिए जागरूक किया जा रहा है।

एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सेक्टरवार टीमों को नियमित निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि बिना स्वीकृत मानचित्र के प्लॉटिंग नियोजन व्यवस्था को प्रभावित करने के साथ भविष्य में सड़क, जल निकासी, यातायात और पार्किंग जैसी समस्याओं का कारण बन सकती है। झाझरा में करीब पांच बीघा क्षेत्र में की जा रही अनधिकृत प्लॉटिंग पर नियमानुसार कार्रवाई कर उसे ध्वस्त किया गया है।

एमडीडीए सचिव मोहन सिंह बर्निया ने कहा कि अवैध प्लॉटिंग और अनधिकृत निर्माण के मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि भूमि खरीदने से पहले संबंधित भूखंड और ले-आउट की स्वीकृति की जानकारी अवश्य प्राप्त करें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Comment

और पढ़ें