
ऋषिकेश, 27 जुलाई। आगामी 30 जुलाई से शुरू होने वाले कांवड़ मेला-2026 के सफल एवं सुरक्षित संचालन को लेकर अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) ने सोमवार को ऋषिकेश में देहरादून, टिहरी और पौड़ी जनपद में तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग की। इस दौरान आईजी गढ़वाल, डीआईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था, एसएसपी देहरादून, एसएसपी पौड़ी और एसएसपी टिहरी भी मौजूद रहे।
एडीजी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ड्यूटी प्वाइंट की पूरी जानकारी रखने, श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार करने और उनकी हरसंभव सहायता करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी भीड़ को देखते हुए वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए तथा पार्किंग स्थलों पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।
ब्रीफिंग में कांवड़ मार्ग पर लगने वाली अस्थायी दुकानों और बाहरी व्यापारियों का सत्यापन करने, ड्यूटी के दौरान पूरी सतर्कता बरतने तथा छोटे विवादों को समय रहते शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों को देहरादून, टिहरी और पौड़ी के बीच बेहतर समन्वय बनाकर भीड़ एवं यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। नीलकंठ मंदिर क्षेत्र में भीड़ बढ़ने की स्थिति में पूर्व निर्धारित डायवर्जन प्लान लागू करने को कहा गया।
बरसात के मौसम को देखते हुए सभी पुलिसकर्मियों को छाता या बरसाती साथ रखने तथा किसी भी आपात स्थिति के लिए तैयार रहने के निर्देश दिए गए। साथ ही सोशल मीडिया पर भ्रामक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्टों पर कड़ी निगरानी रखते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई करने के आदेश भी दिए गए।
एडीजी ने सेक्टर अधिकारियों को अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों को ड्यूटी स्थल पर विस्तृत ब्रीफिंग देने तथा किसी भी विवाद या घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाकर मौके पर ही उसका समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।







