प्रधानमंत्री के 12 वर्ष के कार्यकाल पर मुख्यमंत्री ने दी बधाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 8 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के केंद्र सरकार में लगातार 12 वर्ष का कार्यकाल पूर्ण होने पर उन्हें तथा देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सशक्त, सक्षम और आत्मनिर्भर भारत का सपना तेजी से साकार हो रहा है तथा देवभूमि उत्तराखंड भी विकास और नवोदय के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों लोगों को पक्के घर मिले हैं, करोड़ों नागरिकों को मुफ्त राशन और आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान की जा रही है। वहीं मुद्रा योजना के तहत बिना गारंटी के ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार को बढ़ावा दिया गया है।
उन्होंने कहा कि बीते वर्षों में देश में पेयजल, सड़क, रेल और मेट्रो जैसी आधारभूत सुविधाओं का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है। आज भारत के अनेक शहर मेट्रो नेटवर्क से जुड़ चुके हैं और देश का बुनियादी ढांचा नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज वैश्विक स्तर पर नेतृत्वकारी भूमिका निभा रहा है। डिजिटल भुगतान, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष अनुसंधान, कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्टार्टअप और सेमीकंडक्टर निर्माण जैसे क्षेत्रों में भारत तेजी से आत्मनिर्भर बन रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में भी केंद्र सरकार ने अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। राज्य में दो लाख करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे तथा अनेक राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई गति दे रही हैं।
उन्होंने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जबकि टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन परियोजना को भी मंजूरी मिल चुकी है। प्रदेश के 11 रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जॉलीग्रांट, पंतनगर और पिथौरागढ़ हवाई अड्डों का विस्तार किया गया है। उड़ान योजना के तहत प्रदेश में हेलीपोर्ट और हेलीपैड नेटवर्क का तेजी से विस्तार हुआ है, जिससे दुर्गम क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत हुई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से पर्वतमाला परियोजना के अंतर्गत गौरीकुंड-केदारनाथ और गोविंदघाट-हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाएं विकसित की जा रही हैं। केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास परियोजनाओं के साथ ही मानसखंड मंदिर माला मिशन के माध्यम से प्रदेश के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण और विकास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जमरानी, सौंग और लखवाड़ जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाएं राज्य के सिंचाई, पेयजल और ऊर्जा क्षेत्र को नई मजबूती देंगी। साथ ही किच्छा में एम्स सैटेलाइट सेंटर और एम्स ऋषिकेश में शुरू की गई हेली एम्बुलेंस सेवा स्वास्थ्य सुविधाओं को और बेहतर बना रही है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भारत अमृतकाल में प्रवेश कर चुका है और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित, आत्मनिर्भर और विश्व का मार्गदर्शन करने वाला राष्ट्र बनेगा।

Leave a Comment

और पढ़ें