मुख्यमंत्री ने 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें


देहरादून। पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में सिंचाई एवं कृषि विभाग के अंतर्गत चयनित 483 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इनमें 473 पद सिंचाई विभाग और 10 पद कृषि विभाग के शामिल हैं।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूरी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि उनका सपना था कि उत्तराखंड का युवा अपनी मेहनत और प्रतिभा से पहचान बनाए। उन्होंने कहा कि आज दिए गए नियुक्ति पत्र उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्यमंत्री ने चयनित अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी मेहनत, लगन और संकल्प का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी युवा पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सेवा भाव के साथ अपने दायित्व निभाते हुए राज्य और राष्ट्र के विकास में योगदान देंगे।
उन्होंने कहा कि पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से ही योग्य और ईमानदार लोगों का चयन संभव होता है। राज्य सरकार द्वारा लागू सख्त नकल विरोधी कानून के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं और अब चयन पूरी तरह योग्यता के आधार पर हो रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले साढ़े चार वर्षों में लगभग 33 हजार युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। प्रदेश की जीएसडीपी विकास दर 7.23 प्रतिशत दर्ज की गई है, जबकि प्रति व्यक्ति आय में पिछले चार वर्षों में करीब 41 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। राज्य का बजट एक लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है और बेरोजगारी दर में भी गिरावट आई है।
सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने चयनित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह नियुक्तियां उत्तराखंड के विकास में युवाओं की भागीदारी को मजबूत करेंगी। उन्होंने सिंचाई विभाग को किसानों की समृद्धि और जल संरक्षण का आधार बताया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद अब योग्य और मेहनती युवाओं को ही अवसर मिल रहा है। उन्होंने युवाओं को अपने करियर के नए अध्याय की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, उमेश शर्मा काऊ, महंत दलीप सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें