
पिथौरागढ़, 20 मई। जनपद पिथौरागढ़ में स्वर्ण आभूषणों की शुद्धता और उपभोक्ता हितों को लेकर भारतीय मानक ब्यूरो ने ज्वैलर्स जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। यह कार्यक्रम देहरादून शाखा कार्यालय की ओर से एक निजी होटल में आयोजित किया गया, जिसमें 40 से अधिक सर्राफा व्यवसायियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में बीआईएस संयुक्त निदेशक सचिव चौधरी ने ज्वैलर्स को हॉलमार्किंग के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पिथौरागढ़ में स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग अनिवार्य है और सभी ज्वैलर्स को बीआईएस हॉलमार्किंग योजना के तहत पंजीकरण कर केवल हॉलमार्कयुक्त आभूषण ही बेचने चाहिए।अधिकारियों ने बताया कि बीआईएस हॉलमार्क उपभोक्ताओं को आभूषणों की शुद्धता की गारंटी देता है, जिससे ग्राहकों का विश्वास बढ़ता है।कार्यक्रम के दौरान बीआईएस केयर एप की विशेषताओं की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि जल्द ही उपभोक्ता इस ऐप के माध्यम से हॉलमार्कयुक्त आभूषण की फोटो और वजन भी देख सकेंगे तथा उसकी सत्यता जांच सकेंगे।बीआईएस ने उपभोक्ताओं से अपील की कि वे स्वर्ण आभूषण खरीदने से पहले बीआईएस केयर एप के माध्यम से उसकी जांच अवश्य करें।
कार्यक्रम में शामिल ज्वैलर्स ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि इससे उपभोक्ता जागरूकता बढ़ेगी और बाजार में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।








