मुख्यमंत्री धामी ने भुवन चंद्र खंडूड़ी को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री धामी छत्तीसगढ़ प्रवास से लौटते ही सीधे देहरादून के बसंत विहार स्थित खंडूड़ी आवास पहुंचे, जहां उन्होंने दिवंगत नेता को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए विनम्र नमन किया। इस दौरान उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वर्गीय खंडूड़ी का जीवन अनुशासन, राष्ट्रसेवा, ईमानदारी और जनकल्याण के मूल्यों का प्रेरणादायी उदाहरण रहा है। भारतीय सेना में उत्कृष्ट सेवाएं देने के बाद उन्होंने सार्वजनिक जीवन और राजनीति में भी उच्च आदर्श स्थापित किए।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास, सुशासन और पारदर्शिता को मजबूत आधार देने में खंडूड़ी का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। अपने कार्यकाल में उन्होंने जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए कई दूरदर्शी निर्णय लिए, जिनका लाभ आज भी प्रदेशवासियों को मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने खंडूड़ी की पुत्री एवं विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी सहित अन्य परिजनों से भेंट कर गहरी संवेदना व्यक्त की और इस दुखद घड़ी में धैर्य बनाए रखने की कामना की।उन्होंने कहा कि यह क्षति केवल एक परिवार की नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक भी मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें