

हल्द्वानी, 18 मई 2026। उत्तराखण्ड देवभूमि ट्रक ओनर्स महासंघ ने डीजल और अन्य आवश्यक सामग्रियों की बढ़ती कीमतों के चलते भाड़ा दरों में 10 प्रतिशत वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह फैसला महासंघ अध्यक्ष राकेश जोशी के नेतृत्व में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।
महासंघ के अनुसार, लगातार बढ़ती लागत के कारण वाहन स्वामियों को आर्थिक दबाव का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और वाहन स्वामियों के हितों की रक्षा के लिए भाड़ा बढ़ाना जरूरी हो गया था। नई दरें 19 मई 2026 से पूरे क्षेत्र में लागू होंगी।
अल्मोड़ा और रानीखेत के लिए भाड़ा 100 रुपये से बढ़ाकर 110 रुपये किया गया है, जबकि बागेश्वर के लिए 150 से 165 रुपये और चम्पावत के लिए 140 से 155 रुपये निर्धारित किया गया है। पिथौरागढ़ के लिए दर 160 से बढ़ाकर 180 रुपये कर दी गई है। टनकपुर के लिए 140 से 160 रुपये, मुनस्यारी और धारचूला के लिए 300 से 330 रुपये तय किए गए हैं।इसी तरह डीडीहाट (200 से 220), देवाल (190 से 210), बेरीनाग (150 से 165), गैरसैंण (180 से 200), कर्णप्रयाग (200 से 220), थल (180 से 200) और चखुटिया (150 से 165 रुपये) के लिए भी नई दरें लागू होंगी।महासंघ ने सभी वाहन स्वामियों, व्यापारियों और आम जनता से अपील की है कि नई दरों के अनुसार ही भाड़ा भुगतान सुनिश्चित करें, ताकि परिवहन सेवाएं बिना किसी बाधा के जारी रह सकें।बैठक में जसपाल सिंह कोहली, हरजीत सिंह चड्ढा, भास्कर जोशी, ललित पाठक समेत कई पदाधिकारी और वाहन स्वामी मौजूद रहे।







