
देहरादून। उत्तर भारत में पहली बार इतने बड़े स्तर पर अंतरराष्ट्रीय समुद्री सम्मेलन का आयोजन होने जा रहा है। ‘आरोहण इंटरनेशनल मैरीटाइम कॉन्फ्रेंस 2026’ का आयोजन 20 और 21 मार्च को देहरादून के लेखक गांव, थानो में किया जाएगा।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी देते हुए आयोजकों ने बताया कि यह सम्मेलन ‘उत्तर भारत का सबसे बड़ा मैरीटाइम इवेंट’ होगा, जिसमें 7 देशों से 200 से अधिक प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है। सम्मेलन में वैश्विक शिपिंग कंपनियों के शीर्ष अधिकारी, नीति-निर्माता और समुद्री क्षेत्र के विशेषज्ञ भाग लेंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन Integrated Maritime Exchange (आईएमए) द्वारा किया जा रहा है, जो भारत का पहला और विश्व का सबसे बड़ा मैरीटाइम एक्सचेंज बताया जा रहा है। यह ‘स्टार्टअप उत्तराखंड’ में इनक्यूबेटेड है। कार्यक्रम के सह-आयोजक Shipfinex हैं, जबकि इसे Gemini Group द्वारा को-पावर्ड किया जा रहा है।
सम्मेलन में मिडिल ईस्ट सहित दुनिया की प्रमुख शिपिंग कंपनियों के सीईओ, एमडी और चेयरमैन शामिल होंगे, जिससे देहरादून वैश्विक समुद्री संवाद का महत्वपूर्ण केंद्र बन जाएगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रमेश पोखरियाल निशंक मौजूद रहेंगे, जबकि मुख्य वक्ता के रूप में राजेश असाती (उप सचिव, पोर्ट्स, शिपिंग एवं जलमार्ग मंत्रालय) भाग लेंगे।
सम्मेलन में समुद्री क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी। इनमें शिपिंग में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का उपयोग, मिडिल ईस्ट संकट का वैश्विक व्यापार पर प्रभाव, एलपीजी एवं एलएनजी शिपिंग, पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर और सीफेरर्स के मानसिक स्वास्थ्य जैसे अहम मुद्दे शामिल हैं।
इस आयोजन से देहरादून को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, साथ ही उत्तराखंड में निवेश और समुद्री क्षेत्र से जुड़े अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।







