विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस पर इंडस्ट्री मीट का आयोजन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

देहरादून 17 मार्च। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) देहरादून शाखा कार्यालय द्वारा विश्व उपभोक्ता अधिकार दिवस के अवसर पर आयोजित इंडस्ट्री मीट कार्यक्रम में उपभोक्ता जागरूकता और गुणवत्ता मानकों के महत्व पर जोर दिया गया। कार्यक्रम में उद्योग जगत, शिक्षाविदों, सरकारी अधिकारियों और उपभोक्ताओं सहित 120 से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने प्रतिभागियों को बीआईएस केयर ऐप की जानकारी देते हुए उपभोक्ताओं से उत्पादों की प्रमाणिकता जांचने तथा किसी भी प्रकार की शिकायत दर्ज कराने के लिए इस ऐप का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यमों के जरिए उपभोक्ताओं को सशक्त बनाना समय की आवश्यकता है।

कार्यक्रम के अंतर्गत “मानक मंथन” नामक एक तकनीकी सत्र भी आयोजित किया गया। इस सत्र में सामान्य उपभोक्ता उत्पादों की पैकेजिंग के लिए लेपित मुड़ने वाले बॉक्स बोर्ड के मानक (आईएस 16984:2024) पर विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर रासायनिक अभियांत्रिकी विभाग के वैज्ञानिक-डी श्री सचिन मेनन वर्चुअल माध्यम से जुड़े और उन्होंने मानकों की भूमिका तथा सुरक्षित पैकेजिंग के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि उपभोक्ता संरक्षण को मजबूत बनाने के लिए मानकों का अनुपालन, गुणवत्ता आश्वासन और उपभोक्ता जागरूकता बेहद आवश्यक है। उन्होंने उद्योगों से भी गुणवत्ता मानकों का सख्ती से पालन करने की अपील की।

Leave a Comment

और पढ़ें